पिछले एक साल में 89 फीसदी रेलवे टिकट ऑनलाइन हुए बुक
भारत में अब ट्रेन टिकट बुक करना काफी हद तक ऑनलाइन हो गया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि जून, 2025 से जून, 2026 के दौरान 89 फीसदी आरक्षित टिकट ऑनलाइन ही बुक हुए।
उन्होंने यह भी बताया कि नए सुरक्षा उपाय अपनाने के बाद ई-टिकटिंग का पूरा सिस्टम ज्यादा आसान और भरोसेमंद बन गया है।
इसी का नतीजा है कि अब यात्रियों को टिकट काउंटर पर लंबी लाइनों में खड़ा नहीं होना पड़ता।
6.7 करोड़ संदिग्ध अकाउंट्स को किया बंद
रेलवे ने कुल 65 करोड़ से ज्यादा टिकट बेचे, जिनमें से लगभग 58 करोड़ टिकट ऑनलाइन ही बुक हुए। सिस्टम में पारदर्शिता लाने और गलत तरीकों से टिकट बुक होने से रोकने के लिए रेलवे ने लगभग 6.7 करोड़ संदिग्ध अकाउंट्स बंद कर दिए।
इतना ही नहीं, सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए आधार चेक की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही, गलत ईमेल डोमेन को ब्लॉक किया जा रहा है और किसी भी संदिग्ध बुकिंग को तुरंत चिह्नित किया जाता है, ताकि असल में यात्रा करने वालों को अपनी सीट बुक करने का पूरा और सही मौका मिल सके।