फोनपे ने लॉन्च किया स्मार्टपेजेस, बिना कोडिंग के बना सकते हैं वेब पेज
फोनपे ने हाल ही में स्मार्टपेजेस लॉन्च किया है। यह एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से संचालित टूल है। इसकी मदद से व्यापारी 10 मिनट से भी कम समय में पेमेंट लेने के लिए तैयार वेब पेज बना सकते हैं।
इसके लिए उन्हें किसी भी तरह की कोडिंग या तकनीकी जानकारी की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह खासकर छोटे कारोबारियों और ऐसे स्वतंत्र विक्रेताओं के लिए डिजाइन किया गया है, जो ऑनलाइन बिक्री तो करना चाहते हैं, लेकिन शुरू से वेबसाइट बनाने की परेशानी में नहीं पड़ना चाहते।
उन्हें बस अपने प्रोडक्ट्स की जानकारी देनी होगी और AI बाकी काम खुद कर लेगा। इतना ही नहीं यह प्रोडक्ट्स के डिस्क्रिप्शन भी लिख देगा।
स्मार्टपेजेस में मिलेगा क्षेत्रीय भाषाओं का सपोर्ट
स्मार्टपेजेस क्षेत्रीय भाषाओं को भी सपोर्ट करता है, जिससे स्थानीय दुकानदार अपने ग्राहकों से उनकी अपनी भाषा में जुड़ सकते हैं। व्यापारियों को रीयल-टाइम एनालिटिक्स (आंकड़ों) की सुविधा मिलती है। साथ ही, उन्हें फोनपे के पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर और कई पेमेंट मोड्स तक आसान पहुंच मिलती है, जिसके लिए उन्हें कोई अतिरिक्त सेटअप करने की जरूरत नहीं होती।
फोनपे स्मार्टपेजेस को एडवांस्ड AI की मदद से और बेहतर बनाने की योजना बना रहा है। यह नया AI किसी व्यापारी की सोशल मीडिया पर मौजूदगी और पुराने कैंपेन को विश्लेषण करेगा। फिर ऐसे वेबपेज तैयार करेगा, जो उनके ब्रांड के टोन और पहचान से पूरी तरह मेल खाते हों।
अप्रैल तक फोनपे के पास 70 करोड़ से ज्यादा पंजीकृत यूजर्स और 5 करोड़ से ज्यादा मर्चेंट पार्टनर हैं। कंपनी का दावा है कि इससे किसी के लिए भी अपना बिजनेस ऑनलाइन लाना अब बहुत आसान हो जाएगा।