पेटीएम ने लेन-देन में रुकावट बंद करने के लिए पेश किया नया फीचर
पेटीएम पेमेंट गेटवे ने हाल ही में एजेंटिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कार्ड चेकआउट नाम का एक नया फीचर पेश किया है। इसका मुख्य मकसद उन लेन-देन को कम करना है, जो या तो पूरे नहीं हो पाते या ग्राहक उन्हें बीच में ही अधूरा छोड़ देते हैं।
स्मार्ट AI की मदद से यह 'बाय' बटन दबाने से लेकर कार्ड से भुगतान पूरा करने तक की पूरी प्रक्रिया को बेहद आसान बना देता है। अब बीच में कोई अनावश्यक रुकावट नहीं आती।
भुगतान के लिए सुरक्षा को किया मजबूत
यह टूल खासकर उन जगहों पर काम आएगा, जहां यूजर ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट्स, ट्रैवल बुकिंग, खाना ऑर्डर करने वाली ऐप्स और सब्सक्रिप्शन सर्विसेज के लेन-देन बीच में ही छोड़ देते हैं।
इसका मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहक आसानी से और सुरक्षित तरीके से अपना भुगतान पूरा कर सकें। पेटीएम का यह सिस्टम डेबिट और क्रेडिट दोनों तरह के कार्ड्स पर काम करता है। इसमें फिंगरप्रिंट, फेस रिकॉग्निशन और वन-टाइम पासवर्ड (OTP) जैसे मजबूत सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं। आपका लेन-देन हमेशा सुरक्षित रहे, इसके लिए ग्राहक का प्रमाणीकरण (ऑथेंटिकेशन) अनिवार्य रखा गया है।