टेक सेक्टर में हो रही छंटनी के बीच AI ने पैदा की यह खास जॉब
2026 में टेक सेक्टर में बड़े पैमाने पर नौकरियों की छंटनी जारी है। मेटा और अमेजन जैसी बड़ी कंपनियों ने अब तक 1.15 लाख से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इसी बीच फॉरवर्ड-डिप्लॉयड इंजीनियर्स (FDEs) की मांग में अचानक जबरदस्त उछाल आया है।
जहां एक तरफ कई दूसरी तरह की नौकरियां कम हो रही हैं, वहीं कंपनियां FDEs को ढूंढने में लगी हैं, ताकि वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स को लागू करने और उनके सही इस्तेमाल में मदद कर सकें।
FDE नौकरियों के विज्ञापनों में 729 फीसदी उछाल
एक साल में FDE नौकरियों के विज्ञापनों में 729 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इनकी संख्या 643 से बढ़कर 5,300 से ज्यादा हो गई है। इन पदों के लिए कंपनियां 1.7 से 2 लाख डॉलर (करीब 155-185 लाख रुपये) तक की मोटी तनख्वाह दे रही हैं। ऐसे इंजीनियर्स की मांग है, जो AI टेक्नोलॉजी और बिजनेस की असल जरूरतों के बीच तालमेल बिठा सकें।
मैकिन्से जैसी बड़ी कंसल्टिंग फर्में भी FDEs को ढूंढ रही हैं, जिनमें कोडिंग की क्षमता के साथ-साथ क्लाइंट की जरूरतों को समझने की समझ भी हो। यह ट्रेंड आगे भी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है क्योंकि ज्यादा से ज्यादा कंपनियां AI पर अपना दांव लगा रही हैं।