कोडएक्स के इस्तेमाल में उछाल के बाद OpenAI भारत में बढ़ाएगी निवेश
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी OpenAI भारत में निवेश बढ़ाने की तैयारी कर रहा है क्योंकि उसके कोडएक्स का इस्तेमाल बहुत तेजी से बढ़ा है। अब देश उसके शीर्ष-5 बाजारों में शामिल हो गया है।
2026 की शुरुआत से अब तक इसमें 27 गुना बढ़ोतरी देखी गई है। खास बात यह भी है कि कोडएक्स के एक चौथाई से ज्यादा काम कोडिंग से अलग दूसरे कामों में भी इस्तेमाल हो रहे हैं। इससे पता चलता है कि यह अब कितना बहुमुखी बन गया है।
कंपनी के एशिया-प्रशांत स्टार्टअप्स के प्रमुख थॉमस जेंग ने ET को बताया, "हम देख रहे हैं कि इसकी स्वीकार्यता में जबरदस्त उछाल आया है। हमने एशिया-प्रशांत क्षेत्र में किसी भी दूसरे बाजार के मुकाबले भारत में सबसे ज्यादा क्रेडिट दिए हैं।"
TCS, इंफोसिस और रेजरपे के साथ की साझेदारी
कोडएक्स को तेजी से अपनाने के लिए कंपनी ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस और रेजरपे जैसे बड़े नामों के साथ हाथ मिलाया है। इसके साथ ही वेंचर कैपिटल ग्रुप और लर्निंग कम्युनिटीज से भी साझेदारी की है।
जेंग ने भारतीय स्टार्टअप्स के तकनीकी कौशल की तारीफ की, जो AI का इस्तेमाल करके वैश्विक स्तर पर जा रहे हैं। इस साल एंथ्रोपिक से बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बावजूद OpenAI का कहना है कि वे कोडएक्स को भारत के कारोबारियों के लिए और भी आसान और व्यावहारिक बनाने पर ध्यान दे रहे हैं।