वनप्लस नोर्ड 2 में फिर हुआ ब्लास्ट, यूजर ने ट्विटर पर जताई नाराजगी
चाइनीज कंपनी वनप्लस के नए नोर्ड डिवाइस में ब्लास्ट होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब सुहित शर्मा नाम के ट्विटर यूजर ने कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वनप्लस नोर्ड बुरी तरह से जला हुआ नजर आ रहा है। यूजर का दावा है कि उसके डिवाइस में ब्लास्ट हो गया, जिसके चलते वह भी बुरी तरह झुलस गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो वनप्लस यूजर से कॉन्टैक्ट कर मामले की जांच कर रही है।
बुरी तरह झुलस गया यूजर का पैर
सुहित ने अपने अकाउंट से कुछ तस्वीरें ट्वीट की हैं, जिनमें डिवाइस, यूजर की जींस पैंट और उसका पैर बुरी तरह झुलसा हुआ नजर आ रहा है। उन्होंने लिखा, "वनप्लस आपसे कभी इसकी उम्मीद नहीं की जाती। देखिए आपके प्रोडक्ट ने क्या किया है और परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहिए। लोगों की जिंदगी से खेलना बंद कीजिए।" बाद में सुहित ने कहा कि वनप्लस की R&D टीम उनके संपर्क में है और मामले पर काम कर रही है।
वनप्लस नोर्ड 2 में ब्लास्ट का चौथा मामला
वनप्लस के स्मार्टफोन में ब्लास्ट होने और आग लगने का यह चौथा मामला है। ब्लास्ट का सबसे नया मामला गौरव गुलाटी नाम के वकील का है, जिसके कोट में रखे डिवाइस में आग लग गई थी। गौरव ने कंपनी का जांच में सहयोग करने के बजाय कोर्ट जाने का फैसला किया था और उन्हें वनप्लस की ओर से लीगल नोटिस भेजा गया था। नोर्ड 2 में ब्लास्ट के मामले बाकी यूजर्स की नाराजगी की वजह बने हैं।
ट्विटर यूजर्स ने टेक कंपनी को घेरा
नोर्ड 2 में ब्लास्ट का मामला और सुहित का ट्वीट सामने आने के बाद ढेरों ट्विटर यूजर्स ने कंपनी को घेरना शुरू कर दिया। नाराज यूजर्स ने इस डिवाइस पर गैलेक्सी नोट 7 की तरह ब्लैंकेट बैन लगाने की मांग तक की। वहीं, बाकियों ने कंपनी से जवाब मांगा और प्रभावित हुए यूजर्स को बड़ी रकम मुआवजे में देने की मांग की। वनप्लस ने अपने डिवाइस में मौजूद किसी खामी से जुड़ा आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
सैमसंग गैलेक्सी नोट 7 को करना पड़ा था बैन
साल 2016 में साउथ कोरियन कंपनी सैमसंग के नोट डिवाइस में ब्लास्ट और आग लगने के कई मामले सामने आने के बाद उसपर बैन तक लगाया गया था। गैलेक्सी नोट 7 के साथ यात्रियों को हवाई यात्रा की अनुमति नहीं थी। बाद में सैमसंग ने इस फोन की मैन्युफैक्चरिंग सस्पेंड कर दी, सभी यूनिट्स वापस मंगवाए और ग्राहकों को पूरा रिफंड दिया था। वनप्लस ऐसी स्थिति से हर हाल में बचना चाहेगी।
इन बातों का ध्यान रखना भी जरूरी
वैसे तो स्मार्टफोन में आग लगने या ब्लास्ट के मामले आम नहीं हैं लेकिन यूजर्स को कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। कभी भी डिवाइस को उसके साथ दिए गए आधिकारिक चार्जर के अलावा थर्ड-पार्टी चार्जर से ना चार्ज करें। ध्यान रहे कि फोन ज्यादा गर्म ना हो या फिर किसी वजह से उसपर दबाव ना पड़े। इसके अलावा फोन खराब होने की स्थिति में हमेशा आधिकारिक सर्विस सेंटर से ही रिपेयर करवाना चाहिए।