एनवीडिया प्रमुख ने AI के कारण छंटनी के दावों को बताया बेबुनियाद
एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की वजह से सॉफ्टवेयर कंपनियां खत्म नहीं होंगी।
कंप्यूटेक्स इवेंट में उन्होंने बताया कि अभी सॉफ्टवेयर कंपनियों के लिए यह एक शानदार मौका है। उनके मुताबिक, AI से नवाचार और बढ़ेगा, साथ ही ऐसे टूल्स, जो हर स्थिति के हिसाब से ढल सकें उनकी अहमियत और बढ़ जाएगी।
सेल्सफोर्स के CEO मार्क बेनिओफ और SAP के क्रिश्चियन क्लेन जैसे दूसरे बड़े टेक दिग्गज भी यही मानते हैं कि AI तो मदद करने के लिए है, किसी की जगह लेने के लिए नहीं।
छंटनी को लेकर दिए तर्क पर क्या कहा?
हुआंग ने उन दावों को भी गलत बताया कि 2 साल पहले हुई छंटनी के लिए AI जिम्मेदार था। उन्होंने ऐसे तर्कों को लापरवाही भरा बताया।
उन्होंने कहा कि जनरेटिव AI तो अभी कुछ समय पहले ही इस्तेमाल करने लायक बना है, ऐसे में सालों पहले हुई नौकरियों की कटौती के लिए इसे जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि तकनीक का नौकरियों पर असल में क्या असर होता है, इस बारे में ईमानदारी से बात होनी चाहिए।