एनवीडिया प्रमुख ने क्यों कहा- अमेरिका AI की दौड़ से हो जाएगा बाहर?
एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग का कहना है कि हर किसी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से सहज महसूस करना चाहिए। उन्होंने बताया कि यह एक ऐसा टूल है, जिसका इस्तेमाल कोई भी कर सकता है, भले ही उसे कोडिंग न आती हो।
हाल ही में एक साक्षात्कार में हुआंग ने समझाया कि AI किस तरह से आर्थिक विकास को बढ़ावा दे सकता है और नई वैज्ञानिक खोजों में भी मदद कर सकता है।
दूसरी ओर, उन्होंने नौकरी छूटने और AI की सुरक्षा से जुड़ी लोगों की चिंताओं को भी स्वीकार किया। उनका मानना है कि जैसे-जैसे AI रोजमर्रा का हिस्सा बनता जा रहा है, समाज को इसके लिए नए नियम और दिशा-निर्देश बनाने की जरूरत होगी।
AI के विकास में आने वाली चुनौतियों को किया उजागर
हुआंग ने एक बड़ी चुनौती की ओर ध्यान दिलाते हुए बताया कि अमेरिका के पास बड़े AI डाटा सेंटर चलाने के लिए पर्याप्त ऊर्जा नहीं है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर, ज्यादा बिजली उपलब्ध नहीं हुई तो देश AI की वैश्विक दौड़ में पिछड़ सकता है। वह सुरक्षा के लिए स्पष्ट नियमों का समर्थन करते हैं, लेकिन साथ ही कड़े निर्यात नियंत्रणों के प्रति आगाह भी करते हैं क्योंकि इनसे नई खोजों को नुकसान पहुंच सकता है।
उनका मुख्य संदेश यही है कि अगर, अमेरिका AI के क्षेत्र में आगे रहना चाहता है तो उसे ऊर्जा उत्पादन और समझदारी भरी नीतियों पर गंभीरता से काम करना होगा।