नासा के एस्केपेड मिशन ने भेजी धरती-चांद की खास तस्वीरें
मंगल ग्रह पर जा रहे नासा के एस्केपेड मिशन ने धरती और चंद्रमा की कुछ खास तस्वीरें भेजी हैं। ये तस्वीरें तब ली गईं, जब अंतरिक्ष यान धरती से करीब 5.84 लाख किलोमीटर दूर था।
इन तस्वीरों में सामान्य प्रकाश में तो दोनों चांद की तरह आधे-आधे दिख रहे हैं, लेकिन थर्मल इन्फ्रारेड में दोनों के बीच का अंतर साफ नजर आता है।
दरअसल, धरती का वो हिस्सा जो अंधेरे में है, वो इसलिए चमक रहा है क्योंकि हमारा वायुमंडल और महासागर सूरज की गर्मी को अपने अंदर कैद कर लेते हैं।
दूसरी तरफ, चंद्रमा का अंधेरा हिस्सा बेहद ठंडा है क्योंकि उसके पास ऐसा कोई वायुमंडल या महासागर नहीं है, जो गर्मी को रोककर रख सके।
अंतरिक्ष यान करेगा मंगल के वायुमंडल के नुकसान की जांच
ये तस्वीरें सिर्फ देखने भर के लिए नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए वैज्ञानिक एस्केपेड के उपकरणों को मंगल पर जाने से पहले ठीक से जांच रहे हैं।
मंगल पर पहुंचने के बाद, ये दोनों अंतरिक्ष यान अध्ययन करेंगे कि सूरज से चलने वाली तेज हवाएं सोलर विंड मंगल के चुंबकीय क्षेत्र और उसके वायुमंडल को कैसे प्रभावित करती हैं।
इससे उम्मीद है कि अरबों सालों में मंगल ग्रह ने अपना ज्यादातर वायुमंडल कैसे खो दिया, इस रहस्य से पर्दा उठ पाएगा।