Loading...
वॉयेजर 1 ने बनाया सबसे दूर पहुंचने का रिकॉर्ड, क्या रहे इसके उद्देश्य और उपलब्धियां?
वॉयेजर 1 ने बनाया सबसे दूर पहुंचने का रिकॉर्ड

वॉयेजर 1 ने बनाया सबसे दूर पहुंचने का रिकॉर्ड, क्या रहे इसके उद्देश्य और उपलब्धियां?

Nov 18, 2026
05:20 pm

क्या है खबर?

नासा का वॉयेजर 1 अंतरिक्ष यान इंसानों की बनाई किसी भी दूसरी वस्तु से ज्यादा दूरी तय करने का रिकॉर्ड बना रहा है। करीब 50 साल पहले शुरू हुई इसकी यात्रा अब एक ऐसे मुकाम पर पहुंच रही है, जहां यह पृथ्वी से लगभग 25.9 अरब किलोमीटर दूर होगा। इस दूरी को एक प्रकाश-दिवस कहा जाता है। यहां तक रेडियो मैसेज पहुंचने में करीब 24 घंटे लगेंगे, जबकि जवाब आने में भी इतना ही समय लगेगा।

लॉन्च

1977 में लॉन्च हुआ था वॉयेजर 1

वॉयेजर 1 को नासा ने 5 सितंबर, 1977 को फ्लोरिडा से अंतरिक्ष में भेजा था।

इसे बाहरी ग्रहों तक जल्दी पहुंचाने के लिए खास रास्ते पर रवाना किया गया था। इस यात्रा में यान ने ग्रहों के गुरुत्वाकर्षण का इस्तेमाल अपनी गति और दिशा बदलने के लिए किया।

इस तकनीक को गुरुत्वीय सहायता कहते हैं। इससे ईंधन की बचत होती है और दूर स्थित ग्रहों तक पहुंचना आसान हो जाता है।

उद्देश्य

बाहरी ग्रहों की जानकारी जुटाना था मिशन का उद्देश्य

वॉयेजर 1 को मुख्य रूप से बृहस्पति और शनि जैसे बाहरी ग्रहों की जानकारी जुटाने के लिए तैयार किया गया था।

वैज्ञानिक इनके वातावरण चंद्रमाओं छल्लों और चुंबकीय क्षेत्र को समझना चाहते थे। मिशन का उद्देश्य सौरमंडल के दूर स्थित ग्रहों के बारे में ऐसी जानकारियां जुटाना था, जिन्हें पृथ्वी से देख पाना मुश्किल था।

इसके लिए यान में कैमरे और वैज्ञानिक उपकरण लगाए गए थे, जो लगातार आंकड़े जुटाकर पृथ्वी पर भेजते रहे।

ADVERTISEMENT

उपलब्धियां

बृहस्पति और शनि के बारे में मिली अहम जानकारियां

वॉयेजर 1 मार्च, 1979 में बृहस्पति और नवंबर, 1980 में शनि के पास पहुंचा था।

इन ग्रहों के नजदीक से गुजरते समय इसने कई तस्वीरें और वैज्ञानिक आंकड़े भेजे। इनकी मदद से वैज्ञानिकों को ग्रहों के वातावरण चंद्रमाओं और छल्लों को समझने में काफी मदद मिली।

शनि के पास से गुजरने के बाद यान का रास्ता बदल गया और वह ग्रहों की कक्षा से दूर निकलकर अंतरतारकीय अंतरिक्ष की ओर बढ़ने लगा।

ADVERTISEMENT

अन्य उपलब्धियां

सौरमंडल की सीमा पार कर अंतरतारकीय अंतरिक्ष में पहुंचा

वॉयेजर 1 ने अगस्त, 2012 में हेलियोपॉज पार किया था।

यह वह सीमा है जहां सूर्य से निकलने वाले कणों का प्रभाव काफी कम हो जाता है। इसके पार यान अंतरतारकीय अंतरिक्ष में पहुंच गया और वहां मौजूद कणों तथा विकिरण का अध्ययन करने लगा।

इतनी दूरी पर होने के बावजूद यह आज भी वैज्ञानिक आंकड़े पृथ्वी पर भेज रहा है। इसके मैसेज को मिलने में लंबा समय लगता है, लेकिन मिशन अब भी जारी है।

गोल्डन रिकॉर्ड

गोल्डन रिकॉर्ड में दर्ज है पृथ्वी और इंसान की पहचान

वॉयेजर 1 के साथ एक गोल्डन रिकॉर्ड भी भेजा गया था, जिसमें पृथ्वी की आवाजें तस्वीरें संगीत और 55 भाषाओं में मैसेज शामिल हैं।

इसे भविष्य में किसी दूसरी सभ्यता के हाथ लगने की संभावना को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था। इसका जुड़वां यान वॉयेजर 2 भी अंतरिक्ष में यात्रा कर रहा है।

उसने यूरेनस और नेपच्यून का भी अध्ययन किया था। दोनों यान आज भी इंसान की अंतरिक्ष खोज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

ADVERTISEMENT