वॉयजर-1 ने बनाया रिकॉर्ड, पृथ्वी से एक लाइट-डे दूरी पार करने वाला पहला यान बना
क्या है खबर?
अंतरिक्ष में इंसान की पहुंच का दायरा बढ़ाते हुए नासा का वॉयजर-1 अंतरिक्ष यान पृथ्वी से एक लाइट-डे की दूरी पार कर चुका है। भारतीय समय के अनुसार, यह ऐतिहासिक पड़ाव बुधवार, 18 नवंबर को दोपहर 03:46 बजे पूरा हुआ। अब इस यान से भेजे गए रेडियो संकेतों को धरती तक आने में करीब 24 घंटे लगेंगे। यानी वैज्ञानिकों को मैसेज भेजने और जवाब पाने में लगभग 2 दिन इंतजार करना होगा।
दूरी
एक लाइट-डे का मतलब 16 अरब किलोमीटर से ज्यादा दूरी
एक लाइट-डे का मतलब है वह दूरी, जो प्रकाश 24 घंटे में तय करता है।
प्रकाश लगभग 3 लाख किलोमीटर प्रति सेकंड की गति से चलता है, ऐसे में यह दूरी 16 अरब किलोमीटर से भी ज्यादा बैठती है।
वॉयजर-1 अब पृथ्वी से इतनी दूर पहुंचने वाला पहला मानव निर्मित यान बन गया है।
सूरज की रोशनी धरती तक करीब 8 मिनट में पहुंचती है, जबकि वॉयजर-1 से मैसेज आने में पूरा एक दिन लगेगा।
लॉन्च
1977 में लॉन्च हुआ था वॉयजर-1
वॉयजर-1 को 1977 में बृहस्पति और शनि की खोज के लिए 4 साल के मिशन पर भेजा गया था, लेकिन यह आगे बढ़ता हुआ अगस्त, 2012 में अंतरतारकीय अंतरिक्ष में पहुंचने वाला पहला यान बना।
यह करीब 61,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से यात्रा कर रहा है और अब ग्लाइज 445 तारे की दिशा में बढ़ रहा है।
इसके जुड़वां वॉयजर-2 के नवंबर, 2035 में एक लाइट-डे दूरी तक पहुंचने की संभावना है।
अन्य
घटती ऊर्जा के बावजूद यान को चालू रखने में जुटे वैज्ञानिक
नासा के इंजीनियर घटती ऊर्जा के बावजूद वॉयजर-1 को चालू रखे हुए हैं।
इसके प्लूटोनियम जनरेटर की क्षमता घट रही है और हर साल करीब 4 वॉट बिजली कम हो रही है, इसलिए गैर-जरूरी उपकरण और हीटर बंद किए जा रहे हैं।
टीम अब सप्ताह में एक बार निर्देश भेजती है। इस मौके पर नासा ने लोगों से मंगलवार शाम टॉर्च जलाकर वॉयजर के संकेतों के सम्मान में रोशनी करने की अपील भी की थी।