नासा 2031 में लॉन्च करेगी नया UVEX स्पेस टेलीस्कोप, जानिए इसकी खासियत
क्या है खबर?
नासा 2031 में UVEX नाम का नया अंतरिक्ष टेलीस्कोप लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह पराबैंगनी रोशनी से पूरे आसमान का विस्तृत नक्शा बनाएगा और उन घटनाओं का अध्ययन करेगा, जिन्हें सामान्य रोशनी में देखना मुश्किल होता है। मिशन को कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैलटेक) के साथ तैयार किया गया है। इसकी मदद से वैज्ञानिक ब्रह्मांड में होने वाले विस्फोटों और तारों की गतिविधियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
घटनाएं
पराबैंगनी रोशनी में दिखेंगी ब्रह्मांड की घटनाएं
UVEX की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यह पहली बार पराबैंगनी रोशनी में पूरे आसमान का गहरा नक्शा तैयार करेगा।
इससे वैज्ञानिक न्यूट्रॉन तारों की टक्कर और बड़े तारों के खत्म होने पर होने वाले सुपरनोवा विस्फोटों को देख सकेंगे। इन घटनाओं से न्यूट्रॉन तारे और ब्लैक होल बन सकते हैं।
टेलीस्कोप पास की छोटी और धुंधली आकाशगंगाओं का भी पता लगाएगा, जिनमें नए तारे बन रहे हैं और तेज पराबैंगनी रोशनी निकलती है।
न्यूट्रॉन तारें
न्यूट्रॉन तारों की टक्कर का भी करेगा अध्ययन
इस मिशन का एक अहम काम न्यूट्रॉन तारों के टकराने के बाद की स्थिति को समझना होगा।
ये तारे छोटे आकार में सूरज से एक से दो गुना तक अधिक द्रव्यमान रखते हैं। इनके विलय से बहुत ऊर्जा निकलती है और सोना, चांदी तथा प्लैटिनम जैसे भारी तत्व बनने के संकेत मिल सकते हैं।
UVEX इन घटनाओं से निकलने वाली पराबैंगनी रोशनी का अध्ययन करेगा और वैज्ञानिकों को काफी नई जानकारी देगा।
सेंसर
तेजी से दिशा बदलकर देख सकेगा विस्फोट
UVEX को कैलटेक के बनाए खास सेंसर से लैस किया जाएगा, जिससे इसकी पराबैंगनी रोशनी पकड़ने की क्षमता बेहतर होगी।
इसमें तेजी से दिशा बदलने की क्षमता भी होगी, इसलिए यह किसी विस्फोट या न्यूट्रॉन तारों के विलय के तुरंत बाद उस ओर मुड़ सकेगा। इससे वैज्ञानिक शुरुआती असर दर्ज कर पाएंगे।
टीम के मुताबिक, हबल टेलीस्कोप में ऐसी घटनाओं को तुरंत देखने के लिए तेजी से घूमने की क्षमता नहीं है।
अन्य
तारों के अंदरूनी हिस्सों की भी मिलेगी जानकारी
करीब 59 करोड़ डॉलर (लगभग 5,600 करोड़ रुपये) की लागत वाला यह मिशन तारों के जीवन से जुड़ी पहेलियों पर भी काम करेगा।
वैज्ञानिक उन नीले तारों का अध्ययन करेंगे, जिनकी बाहरी हाइड्रोजन परत साथी तारों के कारण हट गई है। इससे तारों के अंदरूनी हिस्सों को समझने में मदद मिलेगी।
मिशन से ऐसे सैकड़ों तारों की पहचान होने की उम्मीद है। नई तरंगदैर्ध्य में आसमान देखने से कई अनजानी चीजें भी सामने आ सकती हैं।