Page Loader
MWC 2022: दुनिया के सबसे बड़े फोन शो में क्या खास होगा?
मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस शो 3 मार्च, 2022 तक चलेगा। (फोटो: GSMA)

MWC 2022: दुनिया के सबसे बड़े फोन शो में क्या खास होगा?

Feb 28, 2022
11:31 am

क्या है खबर?

स्पेन के बार्सिलोना शहर में मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस (MWC) 2022 इवेंट आज से शुरू हो रहा है। 28 फरवरी से शुरू होने वाला यह इवेंट 3 मार्च तक चलेगा और इस दौरान ढेरों बड़ी टेक कंपनियां अपने डिवाइसेज और लेटेस्ट टेक्नोलॉजी शोकेस करेंगी। MWC को दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल टेक्नोलॉजी शो माना जाता है और इस साल भी बड़ी घोषणाओं की उम्मीद की जा रही है। आइए देखते हैं कि MWC 2022 में इस साल क्या खास होगा।

इवेंट

दो साल बाद हो रहा है बड़ा ऑफलाइन आयोजन

कोविड-19 महामारी के चलते साल 2020 में MWC को रद्द कर दिया गया था, वहीं साल 2021 में इसका वर्चुअल आयोजन किया गया था। यानी कि दो साल बाद बड़ा ऑफलाइन आयोजन होने जा रहा है और कंपनियां अपनी लेटेस्ट टेक्नोलॉजी के साथ स्पेन पहुंची हैं। बीते कुछ साल में सबसे ज्यादा फोकस 5G और फोल्डेबल स्मार्टफोन्स पर देखने को मिला है। इस बार स्मार्टफोन्स के अलावा नए लैपटॉप और स्मार्टवॉच मॉडल्स भी शोकेस किए जा सकते हैं।

सैमसंग

सैमसंग ने लॉन्च की अपनी बिजनेस लैपटॉप रेंज

साउथ कोरियन कंपनी सैमसंग ने इवेंट की शुरुआत के साथ ही अपनी बिजनेस लैपटॉप रेंज पेश की है। इसमें सैमसंग गैलेक्सी बुक 2 प्रो, गैलेक्सी बुक 2 प्रो 360, गैलेक्सी बुक 2 बिजनेस और गैलेक्सी बुक 2 शामिल हैं। नए लैपटॉप्स को सैमसंग ने इंटेल और माइक्रोसॉफ्ट के साथ मिलकर तैयार किया है और इनमें लेटेस्ट विंडोज 11 ऑपरेटिंग सिस्टम मिलेगा। ये लैपटॉप्स बिक्री के लिए अप्रैल से मार्केट में उपलब्ध होंगे।

नोकिया

नया फ्लैगशिप फोन ला सकती है नोकिया

HMD ग्लोबल ने नोकिया की ब्रैंडिंग के साथ MWC 2019 में फ्लैगशिप नोकिया 9 प्योरव्यू लॉन्च किया था, जिसका सक्सेसर अब तक नहीं उतारा गया है। ऐसे में कंपनी इस साल टेक इवेंट में नोकिया 10 भी पेश कर सकती है, जिससे जुड़ी अफवाहें लंबे वक्त से सामने आ रही हैं। हालांकि, नोकिया ने MWC 2022 इवेंट के लिए अपनी योजना नहीं बताई है लेकिन इसकी ब्रैंडिंग के साथ नई टेक्नोलॉजी जरूर देखने को मिल सकती है।

हुवाई-ऑनर

नए स्मार्टफोन्स पेश करेंगी चाइनीज कंपनियां

हुवाई बीते कुछ साल में ग्लोबल मार्केट में नए स्मार्टफोन्स नहीं लेकर आई है, लेकिन इसने अपना पहला फोल्डेबल MWC 2019 में पेश किया था। कयास हैं कि कंपनी हुवाई मेट X फोल्डेबल का अपग्रेडेड वर्जन इस आयोजन में शोकेस कर सकती है। ऑनर से कन्फर्म किया है कि इसकी ऑनर मैजिक 4 स्मार्टफोन रेंज MWC 2022 में लॉन्च की जाएगी। कंपनी की फ्लैगशिप सीरीज का कम से कम एक मॉडल क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 8 जेन 1 प्रोसेसर के साथ आएगा।

जानकारी

वनप्लस 10 प्रो का ग्लोबल लॉन्च संभव

टेक कंपनी वनप्लस ने बीते दिनों अपना वनप्लस 10 प्रो फ्लैगशिप फोन चीन में लॉन्च किया है। कंपनी इसका ग्लोबल वेरियंट MWC 2022 में लॉन्च कर सकती है, लेकिन अब तक इस बारे में कोई घोषणा नहीं की गई है।

ओप्पो-रियलमी

ओप्पो और रियलमी दोनों के इवेंट्स तय

माना जा रहा था कि ओप्पो अपनी फ्लैगशिप सीरीज इस इवेंट में लॉन्च करेगी लेकिन कंपनी ने 24 फरवरी को ही अपने फाइंड X5 डिवाइसेज लॉन्च कर दिए हैं। हालांकि, MWC 2022 शो में 28 फरवरी को ओप्पो का एक इवेंट होना कन्फर्म है। रियलमी ने भी इस बात की पुष्टि की है कि इसकी रियलमी GT 2 स्मार्टफोन रेंज का ग्लोबल लॉन्च MWC 2022 में होगा। कंपनी इस सीरीज के डिवाइसेज चीन में पहले ही लॉन्च कर चुकी है।

शाओमी-पोको

बड़े इनोवेशंस कर रही है शाओमी

दुनिया के सबसे बड़े स्मार्टफोन मैन्युफैक्चरर्स में शामिल शाओमी स्मार्टफोन्स और बाकी सेगमेंट्स में बड़े इनोवेशंस कर रही है। हालांकि, कंपनी MWC जैसे टेक इवेंट्स में कुछ खास लेकर आए, ऐसा जरूरी नहीं है। शाओमी के सब-ब्रैंड से अलग कंपनी बनी पोको ने इस आयोजन में आना तय किया है, जिसके नए अफॉर्डेबल स्मार्टफोन्स लॉन्च किए जा सकते हैं। शाओमी मौजूदा डिवाइस का ग्लोबल वेरियंट भी पेश कर सकती है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

MWC, बार्सिलोना टेलिकॉम इंडस्ट्री का सबसे बड़ा सालाना इवेंट होता है। GSMA की ओर से होस्ट किए जाने वाले इस फ्लैगशिप इवेंट में लगभग सभी बड़े टेलिकॉम ऑपरेटर्स, स्मार्टफोन कंपनियां, कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स, ट्रेड इनसाइडर्स, मीडिया और दुनिया के अलग-अलग देशों से रिप्रेजेंटेटिव्स शामिल होते हैं।