डी-मैट्रिक्स ने जुटाई करीब 4,700 करोड़ रुपये की फंडिंग, एनवीडिया को टक्कर देने की तैयारी
कैलिफोर्निया की स्टार्टअप कंपनी डी-मैट्रिक्स ने 50 करोड़ डॉलर (करीब 4,700 करोड़ रुपये) का फंड जुटाया हैं। इसके साथ कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हार्डवेयर के क्षेत्र में हलचल मचाने की तैयारी कर रही है।
यह कंपनी AI चिप्स के मैदान में एनवीडिया को टक्कर दे रही है और इसका मुख्य मकसद चैटबॉट्स और वॉयस असिस्टेंट को तेज और कम बिजली खपत वाला बनाना है। माइक्रोसॉफ्ट के समर्थन से इसका मूल्यांकन 2 अरब डॉलर (190 अरब रुपये) आंका गया है।
बता दें कि इस कंपनी को 2019 में सिड शेठ और सुदीप भोजा ने शुरू किया था।
कम लागत और तेज रफ्तार देती है कॉर्सयर चिप
डी-मैट्रिक्स का खास चिप कॉर्सयर एक स्मार्ट डिजाइन पर आधारित है। यह मेमोरी और कंप्यूटिंग को एक साथ जोड़ता है, जिससे लागत कम होती है और काम की रफ्तार बढ़ती है।
कंपनी का दावा है कि उनके चिप को एनवीडिया के सबसे नए GPU के साथ इस्तेमाल करने पर AI से जुड़े काम 10 गुना तक तेज हो सकते हैं। उसने अमेरिका के कुछ चुनिंदा ग्राहकों तक अपने चिप्स पहुंचाना शुरू कर दिया है। यह ब्रॉडकॉम और TSMC जैसी बड़ी कंपनियों के साथ साझेदारी भी कर रही है।
अगले साल कंपनी अपना नया रैप्टर चिप लॉन्च करने की तैयारी में है। इसका लक्ष्य एनवीडिया जैसे दिग्गजों को और कड़ी टक्कर देना है।