मेटा AI आपके इंस्टाग्राम पोस्ट का करेगा इस्तेमाल, जानिए क्या है रोकने का तरीका
मेटा ने हाल ही में म्यूज इमेज नाम का एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल लॉन्च किया है। यह टूल आपके दिए गए निर्देशों के आधार पर तस्वीरें बनाता है। इसके लिए यह इंस्टाग्राम के डाटा का इस्तेमाल करता है, जिसमें पब्लिक अकाउंट्स की तस्वीरें और उन लोगों की पोस्ट्स भी शामिल हैं, जिनसे आप परिचित नहीं हैं।
इस वजह से लोगों की प्राइवेसी को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी को देखते हुए इंस्टाग्राम ने अपनी नीति में बदलाव किया है। अब आपके पब्लिक पोस्ट्स इन AI फीचर्स के लिए इस्तेमाल किए जा सकते हैं, जब तक कि आप खुद इसे बंद न कर दें।
इस्तेमाल रोकने के लिए सेटिंग में करें यह बदलाव
अगर, आप चाहते हैं कि आपका कंटेंट म्यूज इमेज जैसे AI टूल्स द्वारा इस्तेमाल न किया जाए तो आपके पास 2 विकल्प हैं।
पहला, आप अपने अकाउंट को प्राइवेट कर सकते हैं। दूसरा, आप सेटिंग्स में जाकर 'शेयरिंग एंड रीयूज' विकल्प को बंद कर सकते हैं।
फिलहाल, म्यूज इमेज केवल अमेरिका के यूजर्स के लिए इंस्टाग्राम स्टोरीज में उपलब्ध है और कुछ खास इलाकों में इसे व्हाट्सऐप पर भी पेश किया गया है। इसे जल्द ही फेसबुक पर भी लाने की योजना है।
मेटा ने बताया है कि म्यूज इमेज में ऐसी सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं, जो हानिकारक या अनुचित सामग्री बनने से रोकती हैं। इसके अलावा, इसका एक वीडियो वर्शन, म्यूज वीडियो, भी जल्द आने वाला है, लेकिन इसके बारे में अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।