Page Loader
ISRO चंद्रयान-3 का डाटा 23 अगस्त को सार्वजनिक रूप से करेगा जारी
चंद्रयान-3 मिशन का डाटा ISRO 23 अगस्त को करेगी जारी (तस्वीर: ISRO)

ISRO चंद्रयान-3 का डाटा 23 अगस्त को सार्वजनिक रूप से करेगा जारी

Aug 21, 2024
10:52 am

क्या है खबर?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) इस हफ्ते 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के मौके पर चंद्रयान-3 द्वारा एकत्र किए गए डाटा को सार्वजनिक रूप से जारी करेगा। 23 अगस्त, 2023 को चंद्रयान-3 चंद्रमा पर उतरा था। भारत के चंद्रमा पर उतरने की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया गया है। चंद्रमा पर उतरने के बाद चंद्रयान-3 ने कई सारे वैज्ञानिक प्रयोग किए और महत्वपूर्ण डाटा को एकत्र किया है।

बयान

ISRO प्रमुख ने डाटा उपलब्धता को लेकर दी जानकारी 

अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में ISRO प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा, "प्रज्ञान रोवर के साथ-साथ विक्रम लैंडर पर हमने जो 5 प्रयोग किए, वे सभी बहुत अच्छे रहे और हमने पर्याप्त डाटा एकत्र किया है।" उन्होंने आगे कहा, "डाटा ने कुछ वैज्ञानिक निष्कर्ष भी प्रस्तुत किए हैं। संभवतः आपको 23 अगस्त को इसके बारे में पता चलेगा, हम अब डाटा को जनता के लिए जारी करने जा रहे हैं।"

फायदा

डाटा सावर्जनिक उपलब्ध होने पर क्या होगा?

ISRO चंद्रयान-3 मिशन के डाटा को 23 अगस्त को सार्वजनिक रूप से जारी करेगा। इसके बाद कोई भी वैज्ञानिक इस डाटा की जांच कर सकेगा और अपना वैज्ञानिक शोध प्रकाशित कर सकेगा। चंद्रयान-3 मिशन के तहत एकत्र किए गए डाटा से वैज्ञानिक अनुसंधान को कई वर्षों तक और संभवतः भविष्य में दशकों तक भी बढ़ावा मिल सकता है। चंद्रयान-3 ने चंद्रमा की ऊपरी मिट्टी में तापमान भिन्नता, चंद्र वायुमंडल में ऊर्जावान कणों और चंद्र भूकंपों का डाटा एकत्र किया है।