समुद्र में जानलेवा रिप करेंट का पता लगाने के लिए तैयार हो रहा AI सिस्टम
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का स्पेस एप्लिकेशंस सेंटर (SAC) और आंध्र यूनिवर्सिटी मिलकर 'प्रोजेक्ट भारती' नाम का एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम तैयार कर रहे हैं।
इसका मकसद समुद्र किनारे आने वाले खतरनाक 'रिप करेंट' को तुरंत पहचानना है। यह सिस्टम सैटेलाइट की तस्वीरों, मौसम की जानकारी, समुद्र की मौजूदा स्थिति और लाइव मॉनिटरिंग के डाटा का इस्तेमाल करता है। इस AI की मदद से तैराकों को उन खतरनाक करेंट से बचाया जा सकेगा, जो उन्हें समुद्र की ओर खींच लेते हैं। दुनियाभर के समुद्री तटों पर डूबने की सबसे बड़ी वजहों में से एक यह 'रिप करेंट' ही हैं।
चेतावनी बोर्डों को मिलेगी सूचना
यह AI सिस्टम पर्यावरण से जुड़ी ढेर सारी जानकारी का तुरंत विश्लेषण करता है और जोखिम वाली जगहों को पहचान लेता है।
जैसे ही कोई खतरा दिखता है, यह तुरंत चेतावनी बोर्डों पर अलर्ट भेजता है। इसके साथ ही, यह घोषणाएं करता है और सीधे लाइफगार्ड्स को संदेश भेजता है, ताकि वे तुरंत कार्रवाई कर सकें।
इस स्मार्ट टेक्नोलॉजी की मदद से लाइफगार्ड्स को बेहतर जानकारी मिलती है और समुद्र तटों पर सुरक्षा का स्तर काफी बढ़ जाता है।