आईफोन 17e और मैकबुक नियो समेत ऐपल के इन डिवाइसों की बिक्री आज से शुरू
क्या है खबर?
टेक कंपनी ऐपल ने हाल ही में कई नए प्रोडक्ट लॉन्च किए हैं, जो अब बिक्री के लिए उपलब्ध हो गए हैं। कंपनी ने मैकबुक नियो, आईफोन 17e, नए मैकबुक प्रो मॉडल, मैकबुक एयर और आईपैड एयर जैसे कई डिवाइस पेश किए हैं। इन प्रोडक्ट्स के लिए पिछले हफ्ते से प्री-ऑर्डर शुरू हो गए थे। ऐपल का कहना है कि इन नए डिवाइस में बेहतर परफॉर्मेंस, नई चिप तकनीक और बेहतर यूजर अनुभव देने पर खास ध्यान दिया गया है।
मैकबुक और आईफोन
मैकबुक नियो और आईफोन 17e हुए लॉन्च
ऐपल ने मैकबुक नियो को अपने सबसे किफायती लैपटॉप के रूप में लॉन्च किया है। इसमें आईफोन 16 प्रो वाला A18 प्रो प्रोसेसर दिया गया है और कंपनी का दावा है कि यह सामान्य उपयोग के लिए काफी तेज़ है। इसमें 13-इंच डिस्प्ले और 16 घंटे तक की बैटरी लाइफ मिलती है। वहीं आईफोन 17e को कंपनी का नया सस्ता आईफोन माना जा रहा है। इसमें A19 चिपसेट और 48MP कैमरा दिया गया है।
चिप
नए मैकबुक प्रो में M5 सीरीज चिप
ऐपल ने मैकबुक प्रो के नए मॉडल में M5 प्रो और M5 मैक्स चिपसेट पेश किए हैं। कंपनी का दावा है कि ये चिप पुराने मॉडल की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत तक ज्यादा तेज परफॉर्मेंस देते हैं। ये लैपटॉप 14-इंच और 16-इंच स्क्रीन साइज में आते हैं। इन दोनों में लिक्विड रेटिना XDR डिस्प्ले मिलता है, जो तेज ब्राइटनेस और बेहतर विज़ुअल क्वालिटी देने के लिए जाना जाता है।
आईपैड
मैकबुक एयर और आईपैड एयर भी हुए अपडेट
ऐपल ने मैकबुक एयर को भी नए M5 चिपसेट के साथ अपडेट किया है। कंपनी का कहना है कि यह पुराने मॉडल की तुलना में काफी तेज AI परफॉर्मेंस देता है। मैकबुक एयर 13-इंच और 15-इंच स्क्रीन विकल्प में आता है। इसके अलावा, आईपैड एयर को भी M4 चिपसेट के साथ अपडेट किया गया है। कंपनी के अनुसार इससे पिछले मॉडल के मुकाबले लगभग 30 प्रतिशत बेहतर परफॉर्मेंस मिलने की उम्मीद है।
डिस्प्ले
ऐपल ने नए स्टूडियो डिस्प्ले भी पेश किए
इन प्रोडक्ट्स के साथ ऐपल ने प्रोफेशनल यूजर्स के लिए नए स्टूडियो डिस्प्ले और स्टूडियो डिस्प्ले XDR पेश किए हैं। दोनों में 27-इंच की 5K स्क्रीन दी गई है। XDR मॉडल में मिनी-LED तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे बेहतर ब्राइटनेस और कंट्रास्ट मिलता है। कंपनी के अनुसार, ये डिस्प्ले खास तौर पर क्रिएटिव प्रोफेशनल्स के लिए बनाए गए हैं, जिन्हें हाई-क्वालिटी स्क्रीन और बेहतर विज़ुअल अनुभव की जरूरत होती है।
कीमत
भारत में इन डिवाइस की शुरुआती कीमत
इन प्रोडक्ट्स की कीमत भी सामने आ चुकी है। भारत में मैकबुक नियो की शुरुआती कीमत लगभग 69,900 रुपये है, जबकि आईफोन 17e की कीमत 64,900 रुपये से शुरू होती है। नए मैकबुक एयर की शुरुआती कीमत 1.19 लाख रुपये रखी गई है। वहीं M5 प्रो चिप वाले मैकबुक प्रो की कीमत 2.49 लाख रुपये से शुरू होती है। इसके अलावा, आईपैड एयर की शुरुआती कीमत 64,900 रुपये और स्टूडियो डिस्प्ले की कीमत करीब 1.89 लाख रुपये रखी गई है।