ऐपल के नए बजट लैपटॉप मैकबुक नियो की भारत में कितनी है कीमत? जानिए सभी फीचर्स
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी ऐपल ने एक अपना एक बिल्कुल नया बजट लैपटॉप लॉन्च किया है। कंपनी ने इसका नाम मैकबुक नियो रखा है। यह लैपटॉप उन लोगों को ध्यान में रखकर पेश किया गया है जो कम कीमत में ऐपल का लैपटॉप खरीदना चाहते हैं। इसमें 13-इंच का लिक्विड रेटिना डिस्प्ले दिया गया है। कंपनी का कहना है कि यह लैपटॉप रोजमर्रा के काम, पढ़ाई और ऑफिस के उपयोग के लिए बेहतर प्रदर्शन देने में सक्षम होगा।
चिप
A18 प्रो चिप से मिलेगी तेज परफॉर्मेंस
मैकबुक नियो में ऐपल का A18 प्रो प्रोसेसर दिया गया है, जो आईफोन 16 प्रो सीरीज में भी इस्तेमाल किया गया है। कंपनी के अनुसार यह चिप कई सामान्य कामों में कुछ विंडोज लैपटॉप से तेज प्रदर्शन दे सकती है। इसमें 8GB यूनिफाइड मेमोरी और 256GB या 512GB स्टोरेज का विकल्प मिलता है। हालांकि, इस लैपटॉप में बाद में RAM बढ़ाने का विकल्प नहीं दिया गया है, इसलिए खरीदते समय सही स्टोरेज चुनना जरूरी होगा।
डिस्प्ले
डिस्प्ले और ऑडियो फीचर्स
इस नए बजट लैपटॉप में 13-इंच का लिक्विड रेटिना डिस्प्ले दिया गया है, जिसका रेजोल्यूशन 2408×1506 पिक्सल है। इसमें 1080p फेसटाइम HD कैमरा भी मिलता है जो वीडियो कॉलिंग के लिए उपयोगी है। इसके अलावा, इसमें डुअल माइक्रोफोन और डुअल स्पीकर सिस्टम दिया गया है, जो डॉल्बी एटमॉस और स्पेशल ऑडियो को सपोर्ट करता है। कंपनी के अनुसार इससे वीडियो देखने और ऑनलाइन मीटिंग के दौरान बेहतर ऑडियो अनुभव मिलेगा।
डिजाइन
डिजाइन, कीबोर्ड और कनेक्टिविटी
मैकबुक नियो में मैजिक कीबोर्ड और बड़ा मल्टीटच ट्रैकपैड दिया गया है। इसमें टच ID का सपोर्ट भी मिलता है, जिससे यूजर फिंगरप्रिंट के जरिए आसानी से लॉग इन कर सकते हैं। यह लैपटॉप वाई-फाई 6E और ब्लूटूथ 6 कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है। इसमें USB-C पोर्ट और हेडफोन जैक भी दिए गए हैं। कंपनी का दावा है कि यह लैपटॉप एक बार चार्ज करने पर लगभग 16 घंटे तक बैटरी बैकअप दे सकता है।
कीमत
कीमत और बिक्री की जानकारी
भारत में ऐपल के मैकबुक नियो के बेस मॉडल की कीमत 69,900 रुपये रखी गई है, जिसमें 8GB मेमोरी और 256GB स्टोरेज मिलता है। वहीं 512GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 79,900 रुपये है। यह लैपटॉप ब्लश, सिट्रस, इंडिगो और सिल्वर रंग में उपलब्ध होगा। छात्र इसे 10,000 रुपये के एजुकेशन डिस्काउंट के साथ खरीद सकते हैं। इसके प्री-ऑर्डर शुरू हो चुके हैं और 11 मार्च से इसकी बिक्री शुरू होगी।