ऐपल इवेंट लाइव अपडेट
समाप्त हुआ ऐपल इवेंट
इसी के साथ ऐपल का यह एनुअल इवेंट समाप्त हो गया है। इस इवेंट में कंपनी ने आईफोन 14 लाइनअप, एयरपॉड प्रो (न्यू जनरेशन) और ऐपल वॉच सीरीज 8 पेश की है। इनमें से कई प्रोडक्ट की प्री बुकिंग शुरू हो चुकी है। हालांकि, इन प्रोडक्ट्स के भारत पहुंचने में अभी समय लगेगा।
आईफोन 14 प्रो और प्रो मैक्स की कीमत
आईफोन 14 प्रो की कीमत 999 डॉलर (79,638 रुपये) और प्रो मैक्स की कीमत 1,099 (87,609 रुपये) रखी गई है। ये 16 सितंबर से उपलब्ध होंगे।
आईफोन 14 प्रो और प्रो मैक्स के कैमरा फीचर्स
इसमें 48 मेगापिक्सल का सेंसर दिया गया है, जो आईफोन में अब तक का सबसे बड़ा कैमरा है। इसमें आईफोन 13 प्रो की तुलना में लो लाइट की फोटो के लिए दो गुना इम्प्रूवमेंट दी गई है। कंपनी का कहना है कि इसके कैमरे में मिलने वाले फीचर्स अब तक किसी भी दूसरे फोन में उपलब्ध नहीं है। इनमें A16 बायोनिक चिप मिलेगी।
आईफोन 14 प्रो और प्रो मैक्स
ऐपल ने आईफोन 14 प्रो और प्रो मैक्स में नया फ्रंट डिजाइन दिया है। इसके पिल-शेप्ड मॉड्यूल में फ्रंट कैमरा और फेस आईडी गैजेट दिया गया है, जिसे डायनामिक आइलैंड के नाम से जाना जा रहा है। ये फोन स्पेस ब्लैक, गोल्ड, सिल्वर और डीप पर्पल रंगों में उपलब्ध होंगे।
क्या है आईफोन 14 और आईफोन 14 प्लस की कीमत?
ऐपल ने आईफोन 14 की कीमत 799 डॉलर ( 63,694 भारतीय रुपये) और आईफोन 14 प्लस की कीमत 899 अमेरिकी डॉलर ( 71,666 भारतीय रुपये) रखी है। इनके प्री-ऑर्डर 9 सितंबर से शुरू हो जाएंगे और 16 सितंबर से ये उपलब्ध होंगे।
नई आईफोन सीरीज में मिलेंगे ये सेफ्टी फीचर्स
आईफोन के नए अमेरिकी मॉडल में सिम ट्रे नहीं होगी और इसमें eSIM की जरूरत होगी। यानी अब मोबाइल में फिजिकल सिम की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके अलावा इसमें ऐपल वॉच सीरीज 8 की तरह क्रैश डिटेक्शन फीचर दिया गया है, जो कार एक्सीडेंट की सूरत में इमरजेंसी सेवाओं को सूचित कर सकता है। दूसरा इसमें सैटेलाइट कनेक्टिविटी दी गई है।
आईफोन 14 और आईफोन 14 प्लस के फीचर्स
आईफोन 14 लाइनअप मिडनाइट, स्टारलाइट, ब्लू, पर्पल और प्रोडक्ट रेड रंग में उपलब्ध होगी। कंपनी का कहना है कि इसमें दी गई बैटरी पूरे दिन काम करेगी। हालांकि, इसका समय नहीं बताया गया है। आईफोन 14 सीरीज में A15 बायोनिक चिप मिलेगी। कैमरे की बात करें तो इसमें 12MP का मेन सेंसर दिया गया है। फ्रंट कैमरे की क्वालिटी बेहतर की गई है ताकि यह लो लाइट में बेहतर काम कर सके। इसके लिए इसमें बड़े सेंसर और फास्टर अपर्चर दिए गए हैं।
आईफोन 14 और आईफोन 14 प्लस
ऐपल ने आईफोन 14 और आईफोन 14 प्लस लॉन्च किया है। आईफोन 14 का स्क्रीन साइज 6.1 इंच और आईफोन 14 प्लस की स्क्रीन का साइज 6.7 इंच होगा।
एयरपॉड प्रो (नेक्स्ट जनरेशन)
ऐपल ने एयरपॉड प्रो (नेक्स्ट जनरेशन) में नई H2 चिप दी है। इसमें बेहतर साउंड क्वालिटी के लिए हाई-बैंडविड्थ कनेक्टिविटी और पहले से दोगुना नॉइस कैंसलेशन मिलेगा। साइज में छोटे इयरटिप्स के साथ इसमें पर्सनलाइज्ड स्पेशल ऑडियो प्रोफाइल बनाने की सुविधा मिलेगी। इसके चार्जिंग केस में भी स्पीकर दिया गया है, जिसकी मदद से वॉल्यूम बढ़ाकर इसका पता लगाया जा सकता है। सिंगल चार्ज में यह 30 घंटे तक काम कर सकता है। इनकी कीमत 19,848 रुपये रखी गई है।
पेश हुई ऐपल वॉच अल्ट्रा
पहले से ही अनुमान लगाया जा रहा था कि ऐपल वीयरेबल सेगमेंट में नए प्रोडक्ट ला सकती है और ये अनुमान सही साबित हुए हैं। कंपनी ने नई ऐपल वॉच अल्ट्रा पेश की है। इसमें 49 मिमी का केस डिजाइन दिया गया है। साथ ही इमें कस्टमाइजेबल एक्शन बटन, बिगर क्राउन, GPS चिप और बड़ी बैटरी मिलेगी। सिंगल चार्ज में यह 36 घंटे काम कर सकती है। यह एडवेंचर और एथलीट प्रेमियों के लिए डिजाइन की गई है। इसकी कीमत करीब 64,000 रुपये होगी।
ऐपल वॉच SE (2nd जनरेशन)
ऐपल ने एंट्री लेवल वॉच SE को भी अपडेट किया है। सेकंड जनरेशन की इस किफायती वॉच में कई ऐसे सेंसर दिए गए हैं, जो सीरीज 8 में मिलेंगे। GPS वर्जन के साथ इसकी कीमत 299 डॉलर (19,849 रुपये) और GPS+सेलुलर मॉडल की कीमत (23,835 रुपये) रखी गई है।
क्या है ऐपल वॉच सीरीज 8 की कीमत?
ऐपल वॉच सीरीज 8 की कीमत 399 डॉलर (31,807 रुपये) से शुरू होकर 499 डॉलर (लगभग 40,000 रुपये) तक जाएगी। इसे अमेरिका में आज से ऑर्डर किया जा सकता है और यह 16 सितंबर से उपलब्ध हो जाएगी।
ऐपल वॉच सीरीज 8 में मिलेगा क्रैश डिटेक्शन फीचर
ऐपल ने वॉच सीरीज 8 में क्रैश डिटेक्शन फीचर दिया है। यह कार एक्सीडेंट की सूरत में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को इसकी जानकारी दे सकता है। इसके लिए वॉच में दो नए मोशन सेंसर लगाए गए हैं।
कंपनी ने पेश की ऐपल वॉच सीरीज 8
कंपनी ने नई वॉच सीरीज में बड़ा डिस्प्ले और टेम्परेचर सेंसर दिया है। इसे स्विम प्रूफ, डस्ट प्रूफ और क्रेक रजिस्टेंस बनाया गया है। इसे लोगों और चीजों से कनेक्ट रहने के लिए बनाया गया है। कंपनी का दावा है कि इसमें क्लास के बेस्ट सेंसर दिए गए हैं।
शुरू हुआ ऐपल का बहुप्रतीक्षित एनुअल इवेंट
ऐपल का बहुप्रतीक्षित एनुअल इवेंट शुरू हो गया है। इसमें आईफोन 14 लाइनअप, ऐपल वॉच और एयरपॉड प्रो समेत कई प्रोडक्ट लॉन्च होने की उम्मीद है। आप इसे कंपनी के यूट्यूब चैनल, कंपनी की वेबसाइट और ऐपल टीवी पर देख सकते हैं। इससे जुड़ी अपडेट्स जानने के लिए हमारे साथ जुड़े रहिये।
महामारी के बाद कंपनी का पहला इन-पर्सन इवेंट
कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद ऐपल पहला इन-पर्सन इवेंट आयोजित कर रही है। इसे कवर करने के लिए दुनियाभर के पत्रकार क्यूपर्टिनो कैंपस के स्टीव जॉब्स थियेटर में पहुंच चुके हैं। अब से थोड़ी ही देर बाद इवेंट शुरू होने वाला है।
एक घंटे बाद शुरू होगा ऐपल एनुअल इवेंट
अभी से ठीक एक घंटे बाद ऐपल का बहुप्रतीक्षित एनुअल इवेंट शुरू हो जाएगा। भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे इस इवेंट की शुरुआत होगी। इसे कंपनी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल, ऐपल टीवी और कंपनी की वेबसाइट पर लाइव देखा जा सकता है। इवेंट में आईफोन 14 सीरीज लॉन्च होगी।
दो घंटे बाद शुरू हुआ होगा ऐपल का एनुअल इवेंट
अभी से ठीक दो घंटे बाद ऐपल का बहुप्रतीक्षित एनुअल इवेंट शुरू हो जाएगा। भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे इस इवेंट की शुरुआत होगी। इसे कंपनी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव देखा जा सकता है।
आईफोन 13 के 512GB वेरिएंट भी ऑफर
फ्लिपकार्ट पर आईफोन 13 के 512GB स्टोरेज वेरिएंट को 99,999 रुपये की कीमत पर खरीद सकते है, जबकि फोन की असल कीमत 1,09,900 रुपये है। अमेजन पर आईफोन 13 का यह वेरिएंट 99,990 रुपये में मिल रहा है।
आईफोन 13 256GB वेरिएंट भी मिल रहा सस्ता
फ्लिपकार्ट पर आईफोन 13 के 256GB स्टोरेज वेरिएंट को 79,999 रुपये की कीमत पर खरीद सकते है, जबकि फोन की असल कीमत 89,900 रुपये है। वहीं अमेजन पर यह फोन 76,900 रुपये में खरीदा जा सकता है।