
पंजाब के फिरोजपुर में ड्रग तस्करों की पुलिस से मुठभेड़, 10 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद
क्या है खबर?
पंजाब में एक तरफ भारतीय सेना पाकिस्तान से मोर्चा ले रही है, दूसरी तरफ फिरोजपुर और तरनतारन पुलिस ने ड्रग तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने एक्स पर बताया कि नार्को-तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में, एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), फिरोजपुर रेंज पुलिस ने जगरांव में एक मुठभेड़ के बाद एक ड्रग तस्कर को घायल किया था, जिसकी बाद में मौत हो गई।
बरामदगी
10 करोड़ रुपये कीमत की हेरोइन बरामद
उन्होंने आगे बताया कि टीम ने तस्कर राजू और उसके सहयोगी को रोका था, लेकिन उसने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे घायल किया गया, लेकिन अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसका साथी भागने में सफल रहा।
उनके पास से 2 किलो हेरोइन, 15 लाख ड्रग मनी, 1 अवैध हथियार बरामद किया गया है। 2 किलो हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 10 करोड़ बताई जा रही है।
राजू के खिलाफ पहले से 19 FIR दर्ज हैं।
कार्रवाई
तरनतारन में भी 2 गिरफ्तार
इससे पहले DGP ने तरनतारन में एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-आतंकवादी तस्करी मॉड्यूल के भंडाफोड़ की जानकारी दी थी।
उन्होंने बताया था कि लवप्रीत सिंह और जगरूप सिंह को 7 अत्याधुनिक पिस्तौल (.30 बोर), कारतूस, 5 किलोग्राम हेरोइन, 7.20 लाख ड्रग मनी और एक नोट गिनने वाली मशीन के साथ गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी पाकिस्तान स्थित तस्करों और विदेशी संचालकों के सीधे संपर्क में थे। पीएस सिटी तरनतारन में FIR दर्ज की गई है। जांच जारी है।