LOADING...
भारत कल नया आपदा संचार प्रणाली करेगा लॉन्च, कैसे करेगा यह काम?
कल होगी नई आपदा अलर्ट सिस्टम की शुरुआत

भारत कल नया आपदा संचार प्रणाली करेगा लॉन्च, कैसे करेगा यह काम?

May 01, 2026
06:01 pm

क्या है खबर?

भारत की आपदा तैयारी और लोगों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार एक नया मोबाइल आधारित अलर्ट सिस्टम लॉन्च करने जा रही है। यह सिस्टम 2 मई, 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा शुरू किया जाएगा। इसका मकसद लोगों तक आपात स्थिति की जानकारी तुरंत पहुंचाना है। इस नई तकनीक से देशभर के नागरिकों को सही समय पर चेतावनी मिलेगी, जिससे वे समय रहते जरूरी कदम उठा सकेंगे।

काम

SACHET सिस्टम क्या है और कैसे काम करता है?

इस नई व्यवस्था में SACHET नाम का सिस्टम शामिल है, जिसे C-DOT ने तैयार किया है। यह सिस्टम कॉमन अलर्टिंग प्रोटोकॉल (CAP) पर आधारित है, जिसे इंटरनेशनल टेलीकम्युनिकेशन यूनियन ने मान्यता दी है। इसके जरिए किसी खास इलाके के मोबाइल यूजर्स को सीधे SMS के रूप में अलर्ट भेजा जाता है। यह सिस्टम पहले से ही देश के सभी राज्यों में काम कर रहा है और कई भाषाओं में संदेश भेजने में सक्षम है।

तकनीक

सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक क्या है?

अब इस सिस्टम में सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक जोड़ी जा रही है, जो एक साथ बड़ी संख्या में मोबाइल पर अलर्ट भेजती है। इसमें हर यूजर को अलग-अलग मैसेज नहीं भेजना पड़ता, बल्कि एक ही समय में पूरे इलाके में मैसेज पहुंच जाता है। यह तकनीक नेटवर्क व्यस्त होने पर भी काम करती है और किसी ऐप या रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होती। इससे भूकंप, सुनामी, बिजली गिरने या गैस लीक जैसी आपदाओं में तुरंत सूचना मिल सकेगी।

Advertisement

योजना

देशभर में टेस्ट और आगे की योजना

इस नई सेवा को लागू करने से पहले देश के बड़े शहरों में इसका परीक्षण किया जाएगा। लोगों को मोबाइल पर टेस्ट मैसेज मिलेगा, जिसे लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार का कहना है कि यह सिस्टम 19 से ज्यादा भाषाओं में अरबों अलर्ट भेज चुका है। आगे इसे और बेहतर बनाकर आपदा के समय तेजी से जानकारी पहुंचाने और लोगों की सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा।

Advertisement