Page Loader
गुजरात में बनेगा देश का दूसरा सबसे बड़ा स्पेस स्टेशन, 10,000 करोड़ रुपये होंगे खर्च
गुजरात में बनेगा देश का दूसरा सबसे बड़ा स्पेस स्टेशन

गुजरात में बनेगा देश का दूसरा सबसे बड़ा स्पेस स्टेशन, 10,000 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Jul 04, 2025
01:15 pm

क्या है खबर?

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) गुजरात में देश का दूसरा सबसे बड़ा अंतरिक्ष स्टेशन बनाएगा। यह स्टेशन दीव और वेरावल के बीच स्थापित किया जाएगा। इसकी जानकारी ISRO स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (SAC) के निदेशक नीलेश देसाई ने दी है। उन्होंने बताया कि यहां से PSLV और SALV जैसे रॉकेट लॉन्च किए जाएंगे। यह भारत के पहले सबसे बड़े अंतरिक्ष स्टेशन श्रीहरिकोटा के बाद देश की सबसे बड़ी अंतरिक्ष सुविधा होगी, जिससे ISRO की क्षमताएं और बढ़ेंगी।

लागत

10,000 करोड़ की लागत

इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत लगभग 10,000 करोड़ रुपये बताई गई है। यह स्टेशन खास तौर पर संचार, नेविगेशन और रिमोट सेंसिंग से जुड़े मिशनों के लिए काम करेगा। देसाई ने बताया कि अब ISRO अपने 70 प्रतिशत स्पेस प्रोग्राम इन्हीं तीन तकनीकों पर केंद्रित करेगा। गुजरात सरकार ने भी केंद्र की नीति के अनुसार एक नई अंतरिक्ष नीति लागू की है, जिससे राज्य को इस प्रोजेक्ट से आर्थिक और तकनीकी लाभ मिलने की उम्मीद है।

फायदा

भूमध्य रेखा के पास होने से मिलेगा फायदा

गुजरात की भूमध्य रेखा के पास होने से रॉकेट लॉन्च के लिए यह स्थान काफी उपयुक्त है, जिससे ईंधन की बचत और सटीक लॉन्च संभव होगा। यह स्टेशन देश की स्पेस क्षमताओं को और मजबूत करेगा। इसके साथ ही, इससे ISRO को ज्यादा सैटेलाइट लॉन्च करने में सुविधा मिलेगी। देसाई ने बताया कि इस नए स्टेशन से गगनयान, चंद्रयान-5 और वीनस मिशन जैसे बड़े प्रोजेक्ट भी पूरे किए जाएंगे, जिनकी समयसीमा 2026 तक तय की गई है।

अन्य

2026 से पहले लॉन्च होंगे 52 सैटेलाइट

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, भारत 2026 से पहले 52 सैटेलाइट्स का एक नेटवर्क तैयार करेगा, जिनमें से पहला सैटेलाइट अप्रैल, 2026 तक लॉन्च किया जाएगा। ISRO खुद 31 सैटेलाइट बनाएगा और बाकी का निर्माण निजी कंपनियां करेंगी। केंद्र सरकार ने ISRO और इन फर्मों को निर्देश दिए हैं कि सभी सैटेलाइट 2029 के अंत तक लॉन्च कर दिए जाएं। इस मिशन से भारत की निगरानी, संचार और डिफेंस क्षमताओं को काफी मजबूती मिलेगी।