वित्तीय क्षेत्र को साइबर हमलों से बचाने के लिए एकल रिपोर्टिंग सिस्टम बना रही सरकार
केंद्र सरकार वित्तीय क्षेत्र में साइबर हमलों से निपटने के लिए एक ही सिस्टम बना रही है। फिलहाल, बैंक, शेयर बाजार और पेमेंट सिस्टम सभी के अपने-अपने अलग सिस्टम हैं।
जब हैकर्स हमला करते हैं तो इन अलग-अलग सिस्टम्स की वजह से सही से कार्रवाई करने में दिक्कत आती है। इस नए इंतजाम की कमान आर्थिक मामलों के विभाग के नेतृत्व वाले एक अंतर-मंत्रालयी समूह के हाथों में है।
यह समूह अलग-अलग मंत्रालयों और एजेंसियों के विशेषज्ञों को एक साथ ला रहा है, ताकि सभी के बीच बेहतर तालमेल बना रहे।
एक जैसे रिपोर्टिंग नियमों पर जाेर
इस नए सिस्टम का मकसद है कि हमलों की रिपोर्ट करने के लिए एक जैसे नियम हों और दुनियाभर के बेहतरीन तरीकों को अपनाया जाए, ताकि सभी जल्दी से जवाब दे सकें।
यह खास तौर पर इसलिए जरूरी है क्योंकि एक क्षेत्र में हुआ साइबर हमला दूसरे क्षेत्रों में तेज से फैल सकता है। अधिकारियों को तेज रफ्तार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित हमलों की भी चिंता है।
इसी बात को देखते हुए, वे कंपनियों और छोटे बैंकों को भी बचाव के लिए AI टूल इस्तेमाल करने पर जोर दे रहे हैं। साझा साइबर सुरक्षा संसाधन होने से बड़े और छोटे दोनों तरह के संस्थानों को बराबरी का मौका मिलेगा।