एलन मस्क का 2036 तक AI से पैसे का महत्व खत्म होने का दावा
एलन मस्क का कहना है कि 2036 तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोट्स इतने उत्पाद बनाएंगे कि पैसे का महत्व ही खत्म हो जाएगा।
दी इकोनॉमिस्ट को दिए एक साक्षात्कार में उन्होंने सवाल उठाया, "अगर, रोबोट्स और AI इतनी बड़ी मात्रा में सामान और सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं, जिन्हें एक इंसान पूरी तरह इस्तेमाल भी नहीं कर पाएगा, तो आखिर पैसे की जरूरत ही क्या होगी?"
उनके मुताबिक, एक ऐसा भविष्य आने वाला है, जहां तकनीक ज्यादातर उत्पादन को संभालेगी और अर्थव्यवस्था के पुराने नियम पूरी तरह बदल जाएंगे।
डिफ्लेशन से निपटने के लिए दिया नकद मदद की सलाह
मस्क मानते हैं कि भविष्य में सबसे बड़ी समस्या महंगाई नहीं, बल्कि डिफ्लेशन होगी। इसका मतलब है कि इतना ज्यादा सामान बनेगा कि कीमतें कम होती जाएंगी। उनके मुताबिक, इसका समाधान यह है कि सरकारें सीधे लोगों को नकद भुगतान करें।
जब उनसे यूनिवर्सल बेसिक इनकम या दूसरे सुरक्षा तंत्र की जरूरत के बारे में पूछा तो मस्क का ध्यान सीधे नकद आर्थिक मदद पर ही रहा।
हालांकि, इस बात को लेकर चिंताएं भी हैं कि अगर, काम-धंधे इतने बड़े पैमाने पर बदल जाते हैं तो लोग कैसे प्रतिक्रिया देंगे और क्या राजनीति तकनीक की इस तेज रफ्तार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल पाएगी।