एंथ्रोपिक CEO डारियो अमोदेई ने दी चेतावनी, AI पूरी तरह खत्म कर देगा नौकरिय
एंथ्रोपिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डारियो अमोदेई ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के नौकरियों पर पडने वाले असर को लेकर एक बड़ी चेतावनी दी है।
हाल ही के एक साक्षात्कार में उन्होंने बताया कि अगर, AI किसी नौकरी के 90 फीसदी काम को ऑटोमेट कर देता है तो शुरू में ऐसा लग सकता है कि कर्मचारी ज्यादा अच्छा काम कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास सिर्फ 10 फीसदी ऐसा काम बचेगा, जिस पर वे ठीक से ध्यान दे पाएं।
उनका कहना है कि पूरी तरह से ऑटोमेशन होने पर आगे चलकर कई नौकरियां पूरी तरह से खत्म हो सकती हैं। अमोदेई ने साफ किया कि वे किसी को डराना नहीं चाहते, लेकिन उनका मानना है कि इन बड़े बदलावों के लिए समाज को अभी से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, इसी में समझदारी है।
अमोदेई ने आलोचकों को दिया जवाब
अमोदेई ने उन आलोचकों को जवाब दिया है, जिनमें एनवीडिया के CEO भी शामिल हैं। ये आलोचक कहते हैं कि AI सिर्फ किसी काम के हिस्सों को प्रभावित करता है, पूरी नौकरी को नहीं। कुछ लोगों ने एंथ्रोपिक पर यह आरोप भी लगाया है कि वह अपने प्रोडक्ट्स को बेचने के लिए बेवजह डर फैला रहा है, लेकिन अमोदेई इस बात से बिल्कुल सहमत नहीं हैं।
उनके मुताबिक, "यह कहना कि यह सिर्फ सस्ती मार्केटिंग है, अपने आप में एक सस्ती मार्केटिंग है।" अमोदेई का जोर है कि ऐसी बातों के बजाय असली समाधानों पर ध्यान दिया जाना चाहिए। जैसे, टैक्स नीतियों में बदलाव करना और नए तरह के काम पैदा करना, ताकि अगर, ऑटोमेशन पूरी तरह हावी हो जाए तो लोग पीछे न छूटें।