10 अरब साल पहले पूरी तरह पलट गई थी हमारी आकाशगंगा
डरहम यूनिवर्सिटी के खगोलविदों ने एक चौंकाने वाली बात बताई है कि हमारी आकाशगंगा करीब 10 से 11 अरब साल पहले अचानक पलट गई थी।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, गाइया-सॉसेज-एंसेलेडस नाम की एक छोटी आकाशगंगा हमारी अकाशगंगा से टकरा गई थी।
इसी टक्कर के कारण हमारी अकाशगंगा की पूरी स्पाइरल डिस्क 90 डिग्री से भी ज्यादा झुक गई थी। यह बड़ा उलटफेर ही शायद वजह है कि हमारी आकाशगंगा के बाहरी 'हैलो' हिस्से में मौजूद पुराने तारे इतनी धीमी गति से घूमते हैं।
सुपरकंप्यूटर सिमुलेशन से की यह खोज
सुपरकंप्यूटर पर किए गए सिमुलेशन से वैज्ञानिकों को पता चला है कि ऐसी जोरदार टक्करें सिर्फ आकाशगंगा की डिस्क को ही नहीं झुकातीं, बल्कि तारों को भी लंबी और दूर तक फैली कक्षाओं में धकेल देती हैं।
हो सकता है कि इसी वजह से सूर्य की अपनी कक्षा भी बदल गई हो। उन्होंने यह भी पाया कि धीमी गति से घूमने वाली स्टेलर हैलो, जो कि तारों का एक घेरा है, आस-पास के डार्क मैटर के साथ मिलकर चलती है।
यह बात बताती है कि आकाशगंगा के बनने के इन शुरुआती और उथल-पुथल भरे समय में ये दोनों चीजें एक साथ विकसित हुईं। इन सब जानकारियों से वैज्ञानिक समझ पाते हैं कि आकाशगंगा और डार्क मैटर समय के साथ किस तरह से बनते और बदलते हैं।