वैज्ञानिकों ने बनाया आसान यूरिन टेस्ट, बच्चों में ऑटिज्म की मिलेगी सटीक जानकारी
एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने एक बहुत ही आसान यूरिन टेस्ट बनाया है। इसकी मदद से 2 साल की उम्र से ही बच्चों में ऑटिज्म के शुरुआती संकेत पहचानें जा सकते हैं। एक अध्ययन में सामने आया कि ऑटिज्म से पीड़ित बच्चों के यूरिन में कुछ खास केमिकल सामान्य बच्चों के मुकाबले काफी ज्यादा मात्रा में पाए गए, जो पेट के बैक्टीरिया से जुड़े होते हैं।
इस नई रिसर्च से ऑटिज्म की पहचान समय से पहले हो पाएगी, जिससे बच्चों को जल्द से जल्द मदद मिल सकेगी।
ऑटिज्म की पहचान में आएगी तेजी
आजकल ऑटिज्म की पहचान आमतौर पर बच्चों के व्यवहार को देखकर की जाती है। इसमें काफी समय लग जाता है, जिससे उन्हें मदद मिलने में देरी हो सकती है।
इस नए यूरिन टेस्ट ने लगभग 90 फीसदी ऑटिज्म से पीड़ित बच्चों की सही पहचान की। खास बात यह है कि 'कंट्रोल ग्रुप' में किसी भी बच्चे की गलत रिपोर्ट सामने नहीं आई। शुरुआती जांच के लिए यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
हालांकि, इस टेस्ट को बड़े पैमाने पर इस्तेमाल करने से पहले अभी और रिसर्च की जरूरत है, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले समय में यह मौजूदा जांच तरीकों के साथ मिलकर परिवारों को बच्चों के बारे में जल्दी सही जानकारी दे पाएगा।