आंध्र प्रदेश: 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए लगेगा सोशल मीडिया पर प्रतिबंध
क्या है खबर?
आंध्र प्रदेश सरकार ने बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर बड़ा फैसला लिया है। राज्य के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घोषणा की है कि 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर बैन लगाया जाएगा। सरकार का कहना है कि छोटे बच्चों पर सोशल मीडिया का असर तेजी से बढ़ रहा है। इसलिए उनकी सुरक्षा और मानसिक सेहत को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है।
समय
90 दिनों में लागू होगी नई नीति
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि है इस फैसले को अगले 90 दिनों में अलग-अलग चरणों में लागू किया जाएगा। सरकार इस दौरान नियम और तकनीकी व्यवस्था तैयार करेगी, ताकि इस पॉलिसी को सही तरीके से लागू किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों को सोशल मीडिया के नकारात्मक प्रभाव से बचाने के लिए यह जरूरी कदम माना जा रहा है। इसके लिए विशेषज्ञों और संबंधित विभागों से भी सलाह ली जा रही है।
उम्र
13 से 16 साल के बच्चों पर भी हो सकती है रोक
राज्य सरकार इस बात पर भी विचार कर रही है कि सोशल मीडिया की यह रोक 13 से 16 साल के किशोरों तक बढ़ाई जाए या नहीं। मुख्यमंत्री ने संकेत दिया है कि इस विषय पर आगे चर्चा और पॉलिसी रिव्यू किया जाएगा। अगर विशेषज्ञों की सलाह में जरूरत महसूस हुई, तो आने वाले समय में नियमों को और सख्त किया जा सकता है। इससे बच्चों के ऑनलाइन इस्तेमाल पर ज्यादा नियंत्रण संभव होगा।
अन्य राज्य
अन्य राज्यों में भी उठ रहे ऐसे कदम
हाल ही में कर्नाटक सरकार ने भी 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर रोक लगाने की घोषणा की थी। अब आंध्र प्रदेश का फैसला भी इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। कई विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया का ज्यादा इस्तेमाल बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है। इसलिए कई राज्य ऐसे नियमों पर विचार कर रहे हैं।