कर्नाटक में बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर लगेगा प्रतिबंध, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने की घोषणा
क्या है खबर?
सोशल मीडिया के उपयोग से बच्चों पर पड़ने वाले गंभीर प्रभाव को लेकर कर्नाटक सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर जल्द ही रोक लगाने की घोषणा की है। कर्नाटक सरकार का कहना है कि छोटे बच्चों पर सोशल मीडिया का मानसिक और सामाजिक असर बढ़ रहा है। इसलिए यह कदम उठाने पर विचार किया जा रहा है।
वजह
सरकार ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने बजट भाषण में कहा कि आज के समय में बच्चों में डिजिटल लत तेजी से बढ़ रही है। इसका असर उनकी पढ़ाई, ध्यान क्षमता और मानसिक सेहत पर पड़ रहा है। सरकार का मानना है कि ज्यादा सोशल मीडिया इस्तेमाल बच्चों के व्यवहार और सोच को प्रभावित कर सकता है। इसलिए 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया उपयोग को सीमित करने के लिए नियम बनाने की तैयारी की जा रही है।
नियम
कई देशों में पहले से लागू है ऐसा नियम
सोशल मीडिया पर उम्र सीमा लगाने का कदम दुनिया के कई देशों में पहले ही उठाया जा चुका है। ऑस्ट्रेलिया उन देशों में शामिल है जहां बच्चों के लिए सोशल मीडिया उपयोग पर सख्त नियम लागू किए गए हैं। इसके अलावा, यूरोप और अन्य देशों में भी ऐसे कानूनों पर काम चल रहा है। कई सरकारें मानती हैं कि बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को देखते हुए ऐसे नियम जरूरी हो गए हैं।