आनंद कुमार ने शुरू किया सुपर इन्फिनिटी प्लेटफॉर्म, फ्री मिलेगी गणित शिक्षा
'सुपर 30' प्रोग्राम शुरू करने वाले लोकप्रिय शिक्षक आनंद कुमार ने 'सुपर इन्फिनिटी' नाम से एक नया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म शुरू किया है।
इसका मकसद दुनियाभर के छात्रों के लिए गणित को आसान और सुलभ बनाना है। चाहे आपको गणित के बेसिक समझने हों या फिर किसी मुश्किल परीक्षा की तैयारी करनी हो, यहां हर बच्चे के लिए सब कुछ मुफ्त मिलेगा। इससे आपको महंगी कोचिंग की फिक्र नहीं करनी पड़ेगी।
लाखों छात्रों तक पहुंच सकेगा यह प्लेटफॉर्म
सुपर इन्फिनिटी में कहानियों, एनिमेशन और संगीत का इस्तेमाल करके चीजों को इतना दिलचस्प बनाया गया है कि गणित के कॉन्सेप्ट आसानी से याद रह जाएं।
अगर, पढ़ाई करते हुए तनाव महसूस हो तो छात्रों के लिए प्रेरक सामग्री भी मिलेगी। पद्मश्री से सम्मानित आनंद कुमार ने बताया कि 'सुपर 30' में सीटों की संख्या सीमित होती थी, लेकिन यह नया डिजिटल प्लेटफॉर्म दुनियाभर के लाखों छात्रों तक पहुंच सकेगा।
उन्होंने कहा, "सुपर इन्फिनिटी सिर्फ एक ऑनलाइन क्लास नहीं होगी। यह तो एनिमेशन, कहानियों और संगीत के जरिए छात्रों को गणित सिखाने का एक बड़ा आंदोलन और दुनियाभर में किया जाने वाला प्रयास होगा।"