अमेजन म्यूजिक अनलिमिटेड प्लान भारत में लॉन्च, जानिए क्या मिलती हैं सुविधाएं
अमेजन ने भारत में अपना अमेजन म्यूजिक अनलिमिटेड प्लान आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। अमेरिका में पहले से ही उपलब्ध यह प्लान, विज्ञापन-मुक्त सुनने, HD और स्पेशल ऑडियो के साथ प्रीमियम म्यूजिक स्ट्रीमिंग और ऑफलाइन डाउनलोड की सुविधा प्रदान करता है। यह सेवा प्राइम और नॉन-प्राइम दोनों सदस्यों के लिए आकर्षक मुफ्त ट्रायल ऑफर के साथ आती है।
यह अपडेट ऐसे समय में आया है, जब भारत में ज्यादातर लोग अपने फोन पर म्यूजिक स्ट्रीम करते हैं और उन्हें अपनी पसंद के हिसाब से विकल्प चाहिए होते हैं।
प्राइम सदस्यों के लिए कितनी है प्लान की कीमत?
अमेजन म्यूजिक अनलिमिटेड के साथ आपको बिना ऐड के म्यूजिक सुनने का अनुभव, HD और अल्ट्रा-HD साउंड क्वालिटी, डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट, गानों को ऑफलाइन डाउनलोड करने की सुविधा और पूरा म्यूजिक कैटलॉग मिलेगा।
अगर, आप प्राइम मेंबर हैं तो यह आपको 99 रुपये प्रति महिने में मिलेगा, नहीं तो इसकी कीमत 119 रुपये प्रति महिने होगी।
प्राइम यूजर्स को 6 महीने का फ्री ट्रायल भी दिया जा रहा है। इसमें एक्सक्लूसिव पॉडकास्ट और एडिटोरियल पिक्स जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।
इन सब के साथ अमेजन भारत में स्पॉटिफाई और जियोसावन जैसी कंपनियों को कड़ी टक्कर देने की कोशिश कर रहा है क्योंकि यहां स्ट्रीमिंग काफी तेजी से बढ़ रही है।