अमेजन लियो ला रही है पूरे देश में सुपरफास्ट वाई-फाई, TRAI से मांगी मंजूरी
अमेजन लियो ने भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) से अपील की है कि सैटेलाइट ब्रॉडबैंड की मदद से पूरे देश में सार्वजनिक वाई-फाई चलाने की अनुमति दी जाए।
कंपनी का कहना है कि उसके लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट्स से फाइबर जैसी तेज इंटरनेट स्पीड मिल सकती है और उन्हें लगाना भी आसान है। यह सुविधा खासकर दूर-दराज के इलाकों के लिए काफी काम की होगी।
कंपनी चाहती है कि इस तकनीक को प्रधानमंत्री वाई-फाई एक्सेस नेटवर्क इंटरफेस (PM-वानी) योजना में शामिल किया जाए, जिससे उन इलाकों में भी भरोसेमंद वाई-फाई पहुंचाया जा सके, जहां पहुंचना मुश्किल है।
सैटेलाइट का भारतनेट के लिए इस्तेमाल करने का आग्रह
अमेजन लियो यह भी चाहती है कि उसके सैटेलाइट का इस्तेमाल भारतनेट प्रोजेक्ट में हो। इसका मकसद ग्रामीण इलाकों तक ब्रॉडबैंड पहुंचाना है, लेकिन गांवों में फाइबर केबल बिछाना अक्सर मुश्किल और महंगा होता है। इसलिए, उसका सुझाव है कि सरकार सैटेलाइट प्रोजेक्ट्स में फंड लगाए और सैटेलाइट हॉटस्पॉट पर लॉग-इन करने का तरीका भी आसान बनाए।
उसने इस प्रोजेक्ट में 10 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश किया है और 2028 तक डायरेक्ट-टू-डिवाइस सेवा शुरू करने की योजना बना रहा है। इन सब के पीछे कंपनी का लक्ष्य पूरे भारत में डिजिटल खाई को पाटना है।