यूथ कांग्रेस की INDIA गठबंधन की महारैली में न जाने वालों पर कार्रवाई, 215 पदाधिकारी निलंबित
क्या है खबर?
भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने अनुशासनहीनता के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कांग्रेस संगठन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित INDIA गठबंधन की महारैली से गायब रहने पर 8 राज्यों के 215 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। युवा कांग्रेस ने इस रैली में नेताओं की मौजूदगी पर नजर रखने के लिए मोबाइल ऐप, लाइव लोकेशन शेयरिंग और बारकोड स्कैनर्स जैसी हाई-टेक तकनीक का इस्तेमाल किया था।
निगरानी
कैसे पकड़े गए अनुपस्थिति पदाधिकारी?
युवा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने रैली में सभी राष्ट्रीय, राज्य और जिला स्तर के पदाधिकारियों को शामिल होने के कड़े निर्देश दिए थे।
उपस्थिति दर्ज कराने के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया गया, जिस पर नेताओं को अपनी लाइव लोकेशन, समय और अन्य विवरण साझा करने थे।
दिल्ली के मिंटो रोड पर बारकोड स्कैनर लगाए गए थे। ऐप पर रजिस्टर करने और बारकोड स्कैन कराने में नाकाम रहे नेताओं के खिलाफ अनुशासनहीनता की कार्रवाई हुई है।
कार्रवाई
मध्य प्रदेश के सर्वाधिक पदाधिकारियों पर हुई कार्रवाई
निलंबन के आदेश 3 नवंबर को जारी हुए हैं, जो अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगे।
राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर मध्य प्रदेश में सर्वाधिक 60 पदाधिकारी निलंबित किए गए।
इसी तरह गुजरात के 49 पदाधिकारी निलंबित किए गए, जिनमें अहमदाबाद, अमरेली, आनंद, अरावली, गांधीनगर और जूनागढ़ के जिलाध्यक्ष भी शामिल है।
इसी तरह झारखंड के 32, पश्चिम बंगाल के 26, तेलंगाना के 14, हिमाचल प्रदेश के 13, उत्तर प्रदेश के 11 और हरियाणा के 10 पदाधिकारी निलंबित किए गए हैं।
रैली
क्या थी यह महारैली और INDIA गठबंधन का रुख?
यह रैली मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित की गई थी।
विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और गड़बड़ियां की गई हैं।
रामलीला मैदान में हुई इस रैली को पिछले कुछ वर्षों में विपक्ष का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।
दिल्ली में धारा 144, इंटरनेट पाबंदियों और मेट्रो बंद होने के बावजूद हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरे थे।