LOADING...
उत्तर प्रदेश: 10 मार्च के बाद राज्य में फिर से चलेगा बुलडोजर- योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश: 10 मार्च के बाद राज्य में फिर से चलेगा बुलडोजर- योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश: 10 मार्च के बाद राज्य में फिर से चलेगा बुलडोजर- योगी आदित्यनाथ

Feb 18, 2022
04:29 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि 10 मार्च को विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद राज्य में एक बार फिर से बुलडोजर चलेगा। समाजवाादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कई गुंडे और माफिया बाहर निकल कर आए हैं और इन सभी पर 10 मार्च के बाद बुलडोजर चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने चुटकीले अंदाज में कहा कि अभी उन्होंने बुलडोजरों को मरम्मत के लिए भेजा हुआ है।

बयान

सपा नेता ने कहा था कि चुनाव के दौरान बुलडोजर नहीं चला पाएंगे- योगी

सपा का गढ़ माने जाने वाले मैनपुरी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि सपा के एक वरिष्ठ नेता ने उनसे कहा था कि सरकार चुनाव के दौरान बुलडोजर नहीं चला पाएगी। उन्होंने बताया, "मैंने (उनसे) कहा कि कभी-कभी बुलडोजर को आराम भी चाहिए। उसको मरम्मत के लिए भेजा गया है। चुनाव में माफिया-गुंडे बिल से बाहर आ गए हैं। अब ये चिन्हित हो गए हैं। 10 मार्च के बाद फिर से बुलडोजर चलेगा।"

कानून-व्यवस्था

गैरकानूनी संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की अपनी नीति पर जोर दे रहे हैं योगी

बता दें कि इस चुनावी मौसम में योगी आदित्यनाथ कानून-व्यवस्था पर अपनी सरकार के काम पर लगातार जोर दे रहे हैं। अपराधियों द्वारा गैरकानूनी तरीके से कब्जाई गई संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने की अपनी सरकार की नीति का उन्होंने खास तौर पर बखान किया है। इसके अलावा उन्होंने विरोध-प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की प्रदर्शनकारियों से ही वसूली की सरकार की नीति का भी जिक्र किया है, हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इस वसूली को गलत बताया है।

Advertisement

धमकी

विधायक दे चुके हैं भाजपा को वोट न देने पर बुलडोजर से घर गिराने की धमकी

बता दें कि ये पहली बार नहीं है जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में बुलडोजर की एंट्री हुई है और पिछले हफ्ते ही भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने भाजपा को वोट न देने पर बुलडोजर से घर गिराने की धमकी दी थी। तेलंगाना की गोशामहल विधानसभा से विधायक राजा ने वीडिया जारी करते हुए कहा था कि योगी ने हजारों बुलडोजर मंगवा लिए हैं और जो लोग योगी का सपोर्ट नहीं करेंगे, उनके इलाकों में बुलडोजर चलाया जाएगा।

Advertisement

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश में हुआ दो चरण का मतदान, 20 को तीसरे चरण की वोटिंग

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण का मतदान हो चुका है। 10 फरवरी को पहले और 14 फरवरी को दूसरे चरण का मतदान हुआ था। 20 फरवरी को तीसरे चरण के मतदान के बाद राज्य में 23 फरवरी को चौथे चरण, 27 फरवरी को पांचवें चरण, 3 मार्च को छठवें चरण और 7 मार्च को सातवें चरण का मतदान होगा। चुनावों के नतीजे अन्य राज्यों के साथ 10 मार्च को आएंगे।

Advertisement