Page Loader
उत्तर प्रदेश: गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से जीते योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से जीते योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश: गोरखपुर शहर विधानसभा सीट से जीते योगी आदित्यनाथ

Mar 10, 2022
05:02 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर विधानसभा चुनाव सीट से जीत गए हैं। उन्होंने कांगेस के प्रत्याशी को एक लाख से अधिक वोटों से मात दी। ये पहली बार था जब योगी आदित्यनाथ विधानसभा चुनाव में मैदान में उतरे थे। गोरखपुर शहर सीट को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। योगी इसी जिले में स्थित गोरखपुर मठ के शीर्ष महंत है और यहां के वोटर्स पर मठ का काफी प्रभाव है।

इतिहास

क्या है गोरखपुर शहर सीट का इतिहास?

गोरखपुर शहर सीट को भाजपा और भगवा खेमे का गढ़ माना जाता है और पिछले 33 सालों से उनका इस सीट पर कब्जा है। इस दौरान हुए आठ चुनावों में से सात बार यहां भाजपा का प्रत्याशी जीता, वहीं 2002 में एक बार हिंदू महासभा के उम्मीदवार राधामोहन अग्रवाल ने जीत दर्ज की। हालांकि योगी आदित्यनाथ के समर्थन करने के बाद ही वह जीत पाए थे और बाद में वह भाजपा में ही शामिल हो गए।

योगी का दबदबा

पांच बार गोरखपुर से सांसद रह चुके हैं योगी

गोरखपुर मठ का महंत होने के नाते गोरखपुर जिले में योगी आदित्यनाथ का भी खासा दबदबा है और वे यहां के सांसद रह चुके हैं। 1998 में अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत के बाद से 2017 तक, वह पांच बार यहां के सांसद चुने गए। 2017 में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने पर उन्होंने संसदीय सीट से इस्तीफा दे दिया था। अब विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए भी उन्होंने अपने इस गढ़ को चुना है।

चुनावी नतीजे

उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रचंड जीत

उत्तर प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करते हुए दिख रही है। राज्य की 403 सीटों में से 23 सीटों पर उसने जीत दर्ज कर ली है, वहीं 231 सीटों पर वह आगे चल रही है। अखिलेश यादव की सपा 113 सीटों पर आगे चल रही है। बहुजन समाज पार्टी एक और कांग्रेस दो सीटों पर आगे चल रही है। योगी आदित्यनाथ पूर्ण कार्यकाल के बाद दोबारा मुख्यमंत्री बनने वाले उत्तर प्रदेश केे पहले मुख्यमंत्री हैं।