क्या परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी हेमंत सोरेन की JMM? सांसदों ने दिए ये संकेत
क्या है खबर?
केंद्र सरकार कल संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है। इसका समर्थन करने या न करने को लेकर कई पार्टियों ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है, लेकिन हेमंत सोरेन की झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने अभी तक कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा है। हालांकि, अब खबरें हैं कि JMM परिसीमन विधेयक पर केंद्र सरकार का साथ दे सकती है।
रिपोर्ट
रिपोर्ट में दावा- JMM कर सकती है समर्थन
NDTV ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि JMM विधेयक का समर्थन कर सकती है।
हालांकि, पार्टी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। एक दिन पहले JMM ने कहा था कि वह प्रस्तावित विधेयक का अध्ययन करने और झारखंड पर इसके संभावित प्रभावों का आकलन करने के बाद अपनी स्थिति सामने रखेगी।
बयान
सांसदों ने दिए समर्थन के संकेत
न्यूज18 से JMM के राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा, "पार्टी विधेयक पर विचार करने को तैयार है, बशर्ते अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) को सही प्रतिनिधित्व की गारंटी दी जाए। अगर सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो SC, ST और अन्य पिछड़े वर्गों (OBC) के लिए सीटें भी उसी अनुपात में बढ़नी चाहिए।"
लोकसभा सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि अगर यह शर्त पूरी होती है तो JMM समर्थन पर विचार कर सकती है।
बैठक
सोरेन के आवास पर हुई सांसदों की बैठक
शनिवार को मुख्यमंत्री सोरेन की अध्यक्षता में JMM के सांसदों की एक बैठक हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें विधेयक के प्रावधानों की जांच की गई।
राज्यसभा सांसद महुआ माझी ने कहा, "हमें विधेयक की प्रति शुक्रवार रात को मिली है। मुख्यमंत्री ने सभी सांसदों से विधेयक का ठीक से अध्ययन करने को कहा ताकि पता चल सके कि वे झारखंड के लिए फायदेमंद हैं या नहीं। हम विशेषज्ञों की राय भी लेंगे। इसके बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा।"
समर्थन
DMK-NCP(SP) कर चुकी है समर्थन का ऐलान
इससे पहले DMK और NCP शरद दोनों ने ही परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है।
बीते दिन NCP SP नेता जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि पार्टी प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी। उन्होंने शरद के साथ चर्चा के बाद इसे एक संवैधानिक जरूरत बताया।
वहीं, एमके स्टालिन ने कहा, "जिन 2 मांगों के लिए हमने पहले परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में लिखकर शामिल किया गया है।"