LOADING...
AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में अहम जिम्मेदारी से क्यों हटाया?
AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया है

AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में अहम जिम्मेदारी से क्यों हटाया?

लेखन आबिद खान
Apr 02, 2026
05:05 pm

क्या है खबर?

आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक अहम घटनाक्रम में अपने सांसद राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया है। पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर इस फैसले की जानकारी दी है। पत्र में पार्टी ने अनुरोध किया है कि चड्ढा को संसद में बोलने का समय नहीं दिया जाए। चड्ढा की जगह अब सांसद अशोक मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का नया उपनेता नियुक्त किया गया है।

दूरी

AAP नेताओं की गिरफ्तार और पार्टी एजेंडे से चड्ढा ने बनाई दूरी

हाल के दिनों में चड्ढा ने खुद को पार्टी के एजेंडे से दूर कर लिया था, खासतौर पर दिल्ली विधानसभा चुनावों में AAP की हार के बाद। AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल के बंगले को लेकर विवाद हो या शराब नीति मामले में उनकी गिरफ्तारी से लेकर बरी होने तक के घटनाक्रम, चड्ढा ने सभी मामलों पर चुप्पी साध रखी थी। माना जा रहा है कि इससे आलाकमान उनसे नाराज चल रहा था।

चुप्पी

इन पार्टी मामलों पर चड्ढा ने साध रखी थी चुप्पी

जब दिल्ली में शराब कांड मामले में अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत कई नेताओं को जमानत मिली, तब चड्ढा का कोई बयान सामने नहीं आया। शराब कांड में इन नेताओं के बरी होने पर भी चड्ढा ने कुछ नहीं कहा। चड्ढा पर कार्रवाई की अन्य वजहों में राज्यसभा में दूसरे सांसदों को बोलने का कम मौका मिलना और पार्टी का एजेंडा सही से नहीं रख पाने को भी माना जा रहा है।

Advertisement

मुद्दे

गिग वर्कर्स, स्कूल फीस जैसे आम आमदी के मुद्दे उठाते रहे हैं चड्ढा

चड्ढा ने संसद में जोमैटो और स्विगी के साथ काम करने वाले गिग वर्कर्स को कम वेतन, 10-मिनट डिलीवरी मॉडल और सामाजिक सुरक्षा की कमी का मुद्दा उठाया था। वे 'एक देश, एक स्वास्थ्य उपचार', हवाई अड्डों पर सस्ते खाने के लिए किफायती कैफे, मोबाइल रीचार्ज को 28 दिन के बजाय पूरे कैलेंडर महीने करने, बैंक में न्यूनतम राशि न रखने पर जुर्माना और पितृत्व अवकाश जैसे सार्वजनिक हित के मुद्दे उठाते रहे थे।

Advertisement

बयान

मित्तल ने खुद को जिम्मेदारी मिलने पर क्या कहा?

मित्तल ने कहा कि इस तरह के बदलाव एक नियमित प्रक्रिया है। उन्होंने चड्ढा के पार्टी छोड़ने की अटकलों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा , "पहले एनडी गुप्ता जी उपनेता थे, फिर राघव जी आए और अब मुझे यह जिम्मेदारी दी गई। कल किसी और को यह अवसर मिल सकता है। पार्टी चाहती है कि हर सांसद-नेता विभिन्न भूमिकाओं में सीखे और अनुभव प्राप्त करे। मुझे प्रशासनिक और राजनीतिक कौशल विकसित करने की यह जिम्मेदारी दी गई है।"

परिचय

राघव चड्ढा के बारे में जानिए

11 नवंबर, 1988 को जन्में चड्ढा ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पढ़ाई की हैं और पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। वे AAP की स्थापना से ही इससे जुड़े हुए हैं। वे 2015 में दिल्ली में AAP के सबसे युवा कोषाध्यक्ष बने और अगले साल पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किए गए। 2020 में उन्होंने दिल्ली की राजेंद्र नगर सीट से विधायक का चुनाव जीता। वे 2022 में सबसे युवा राज्यसभा सांसद बने।

Advertisement