Page Loader
कौन बनेगा हरियाणा का मुख्यमंत्री? नायब सिंह सैनी का नाम सबसे आगे, ये भी हैं दावेदार
नायब सिंह सैनी ही हरियाणा के अगले मुख्यमंत्री होंगे

कौन बनेगा हरियाणा का मुख्यमंत्री? नायब सिंह सैनी का नाम सबसे आगे, ये भी हैं दावेदार

लेखन आबिद खान
Oct 08, 2024
04:50 pm

क्या है खबर?

हरियाणा विधानसभा चुनावों में भाजपा को जीत मिली है। खबर लिखे जाने तक पार्टी 49 सीटें जीतती हुई नजर आ रही है। ऐसे में तय है कि भाजपा लगातार तीसरी बार राज्य में सरकार बनाने जा रही है। इस बीच मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि भाजपा नायब सिंह सैनी को ही मुख्यमंत्री बनाएगी, लेकिन कुछ और दावेदार भी रेस में हैं।

नायब सिंह सैनी

सैनी ही बने रहेंगे मुख्यमंत्री- रिपोर्ट

NDTV ने भाजपा नेताओं के हवाले से कहा है कि मौजूदा कार्यकारी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ही राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। हालांकि, इससे पहले भी भाजपा नेतृत्व ने यह स्पष्ट कर दिया था कि अगर वो जीती तो सैनी पद पर बने रहेंगे, लेकिन उनके छोटे कार्यकाल और जातिगत समीकरणों को देखते हुए बदलाव की अटकलें लगाई जा रही थीं। बता दें कि सैनी अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) समुदाय से आते हैं।

अनिल विज

फिर खाली हाथ रहेंगे अनिल विज?

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज चुनावों से पहले कई बयानों में खुद को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बता चुके हैं। जब मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री पद से हटाया गया था, तब भी विज को अगला दावेदार माना जा रहा था। हालांकि, तब सैनी ने बाजी मार ली थी। कथित तौर पर उस वक्त विज नाराज भी बताए जा रहे थे। अब उन्होंने कहा है कि पद को लेकर आलाकमान फैसला करेगा।

राव इंद्रजीत सिंह

राव इंद्रजीत सिंह ने भी की थी दावेदारी

केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जता चुके हैं। चुनावों से पहले उन्होंने कहा था, "जनता की इच्छा आज भी है कि मैं मुख्यमंत्री बनूं। ये मेरी नहीं लोगों की इच्छा है, लेकिन अमित शाह जी ने नायब सिंह सैनी को पहले ही मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर चुके हैं। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जो भी फैसला लेता है तो हम सभी को उसका पालन करना चाहिए।"

बयान

हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा?

हरियाणा के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने कहा, "नायब सिंह सैनी ही प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। पूर्ण बहुमत से तीसरी बार हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। सैनी दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। मुझे नहीं पता कि यह सवाल क्यों उठाया जा रहा है। हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व ने पहले ही तय कर लिया है कि नायब सिंह सैनी ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे।"