Page Loader
केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने पर ममता बनर्जी ने जताई खुशी, क्या बोले दूसरे विपक्षी नेता?
केजरीवाल को जमानत मिलने पर विपक्षी नेताओं ने खुशी जताई है

केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने पर ममता बनर्जी ने जताई खुशी, क्या बोले दूसरे विपक्षी नेता?

लेखन आबिद खान
May 10, 2024
04:29 pm

क्या है खबर?

कथित शराब नीति घोटाले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से 1 जून तक अंतरिम जमानत मिल गई है। इस दौरान केजरीवाल चुनाव प्रचार भी कर सकेंगे। लोकसभा चुनाव के बीच इस फैसला को विपक्षी गठबंधन INDIA के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (TMC) समेत कई पार्टियों ने केजरीवाल को जमानत मिलने पर खुशी जाहिर की है। आइए जानते हैं किसने क्या कहा।

कांग्रेस

कांग्रेस बोली- उम्मीद है हेमंत सोरेन को भी जल्द न्याय मिलेगा

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अरविंद केजरीवाल जी को राहत मिली है, हम इस निर्णय का स्वागत करते हैं। 4 जून के बाद नरेंद्र मोदी जी को समय मिलेगा कि वह आत्मचिंतन करें कि वह किस तरह की राजनीति करते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी को भी जल्द ही न्याय मिलेगा।" कन्हैया कुमार ने कहा, 'नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए ये बड़ा फैसला है।'

TMC

ममता ने भी जताई खुशी

TMC नेता और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, 'मुझे यह देखकर बहुत खुशी हुई कि श्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिल गई है। मौजूदा चुनाव के लिहाज से यह काफी मददगार होगा।' TMC नेता साकेत गोखले ने कहा, 'यह एक बुरा सपना है जो भाजपा के लिए अचानक सच हो गया है। मोदी, जो पहले से ही अंदर तक परेशान हैं, अब पूरी तरह से पागल हो सकते हैं।'

SP

अखिलेश बोले- ये सत्य की जीत

समाजवादी पार्टी (SP) नेता अखिलेश यादव ने कहा, 'दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल जी की जमानत सत्य की एक और जीत है। INDIA गठबंधन' की शक्ति और एकजुटता भाजपा के दुख-दर्द देने वाले राज से भारत की जनता को मुक्ति दिलवाने जा रही है।' राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, 'अरविंद केजरीवाल को जमानत का सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागतयोग्य है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी सुप्रीम कोर्ट जाकर अपना पक्ष रखना चाहिए।'

जश्न

AAP कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

केजरीवाल को जमानत मिलने पर AAP कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा, "सिर्फ अरविंद केजरीवाल को ही अंतरिम जमानत नहीं मिली है, बल्कि इस फैसले से सच्चाई की जीत हुई है, यह लोकतंत्र और संविधान की जीत है।" गोपाल राय ने कहा, "आज सुप्रीम कोर्ट ने उन सभी लोगों को आशा की किरण दी है, जो संविधान में विश्वास करते हैं। हमारी पार्टी और दिल्ली के लोग सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद देते हैं।"

बधाई

हेमंत सोरेन ने केजरीवाल को दी बधाई

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, 'तानाशाही ताकतों को यह दिखाना है कि देश बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर जी के संविधान के अनुसार ही चलेगा। अंतरिम जमानत मिलने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को हार्दिक बधाई और जोहार। उनकी संघर्ष की साथी सुनीता जी और परिवार के अन्य सदस्यों को भी हार्दिक बधाईयां। मैंने पहले ही कहा था तानशाही ताकतों का किला ध्वस्त होना शुरू हो गया है।'