विधानसभा चुनाव 2026: हिंसा के बीच पश्चिम बंगाल में रिकॉर्ड मतदान, तमिलनाडु में भी ऐतिहासिक वोटिंग
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में पहले चरण और तमिलनाडु में सभी सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए मतदान खत्म हो गया है। दोनों ही राज्यों में मतदाताओं की भागीदारी ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पश्चिम बंगाल में 91.40 प्रतिशत तो तमिलनाडु में 84.35 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान के दौरान पश्चिम बंगाल में कई जगह पर हिंसा देखने को मिली है। वहीं, तमिलनाडु में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ।
हिंसा
पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर हिंसा
मुर्शिदाबाद में उपद्रवियों ने आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर की कार पर लाठी और ईंटों से हमला कर दिया। इसके बाद हुमायूं धरने पर बैठ गए। दक्षिण मिदनापुर में कुमारगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी सुवेंदु सरकार को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। मालदा के ही हरिश्चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में TMC के 2 गुट आपस में भिड़ गए। सिलीगुड़ी के बूथ संख्या 26/237 पर TMC और भाजपा के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई।
ट्विटर पोस्ट
बीरभूम में EVM खराब होने के बाद सुरक्षाबलों पर पथराव
Birbhum, West Bengal: In Bodhpur village of Khoyrasol block in the Dubrajpur Assembly constituency of Birbhum, villagers have been accused of attacking central forces. In the incident, personnel of the central forces were injured and were taken to a local hospital for treatment. pic.twitter.com/6AkAjnzTXN
— IANS (@ians_india) April 23, 2026
बयान
ममता बनर्जी ने कहा- वोटिंग बता रही कि TMC जीत की स्थिति में
कोलकाता में रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "चुनाव के पहले चरण में अब तक हुई वोटिंग से संकेत मिलता है कि TMC पहले से ही जीत की स्थिति में है। मुझे किसी भी पद में कोई दिलचस्पी नहीं है। मैं तो बस केंद्र में भाजपा सरकार का अंत चाहती हूं। वे बंगाल पर जितना हमला करेंगे, हम उतनी ही ज्यादा जीत हासिल करेंगे। आप बंगाल पर जितना ज्यादा हमला करेंगे, TMC उतनी ही जीतेगी।"
बड़ी सीटें
इन दिग्गजों की किस्मत EVM में कैद
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शुभेंदु अधिकारी मैदान में हैं। खड़गपुर सदर सीट पर भाजपा के दिलीप घोष का मुकाबला TMC के प्रदीप सरकार से है। बहरामपुर से कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी मैदान में हैं। डोमकल से हुमायूं किस्मत आजमा रहे हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन कोलाथुर से उतरे हैं। अभिनेता थलापति विजय पहली बार पेरंबूर से चुनावी मैदान में हैं। उदयनिधि स्टालिन चेपॉक तिरूवल्लिकेनी से चुनाव लड़ रहे हैं।
पिछले आंकड़े
पिछले चुनावों में क्या रहा था मतदान प्रतिशत?
तमिलनाडु में 2011 में सबसे ज्यादा 78.3 प्रतिशत मतदान हुआ था। तब AIADMK ने DMK को सत्ता से हटा दिया था। इसके बाद 2016 में 74.30 प्रतिशत और 2021 में 73.63 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं, पश्चिम बंगाल में पिछले 4 चुनावों से मतदान लगातार 80 प्रतिशत से ज्यादा हो रहा है। 2021 में 82.30 प्रतिशत, 2016 में 82.66 प्रतिशत, 2011 में 84 प्रतिशत और 2006 में 81.97 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं।
उपचुनाव
3 सीटों पर उपचुनाव भी हुए
विधानसभा चुनावों के साथ ही महाराष्ट्र की बारामती और राहुरी और गुजरात की उमरेठ सीट पर उपचुनाव भी हुए हैं। सुबह 9 बजे तक उमरेठ में 10 प्रतिशत, बारामती में 8.01 प्रतिशत और राहुरी में 6.39 प्रतिशत वोट डाले गए हैं। बारामती सीट महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार के निधन के चलते खाली हुई है। यहां से उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार मैदान में हैं। कांग्रेस ने अजित के सम्मान में यहां उम्मीदवार नहीं उतारा है।