 
                                                                                राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश, किरेन रिजिजू ने INDIA गठबंधन से समर्थन का आग्रह किया
क्या है खबर?
लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक 2024 गुरुवार तड़के पारित होने के बाद दोपहर 1 बजे के बाद उच्च सदन राज्यसभा में विधेयक पेश किया गया। चर्चा की शुरूआत केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों से विधेयक का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वक्फ को लेकर जितना काम संयुक्त संसदीय समिति (JPC) ने किया है, उतना किसी ने नहीं किया, विपक्ष इसका समर्थन करेगा, ऐसी उम्मीद है।
विधेयक
लोकसभा में तड़के 2 बजे पास हुआ विधेयक
वक्फ विधेयक 2024 गुरुवार तड़के करीब 2 बजे लोकसभा में बहुमत से पास हो गया। विधेयक पर बुधवार दोपहर 12 बजे मैराथन चर्चा शुरू हुई थी, जो देर रात डेढ़ बजे तक चली। बहस के लिए 8 घंटे का समय निश्चित था, लेकिन बाद में इसे बढ़ाकर 12 घंटे कर दिया गया। विधेयक के समर्थन में 288 वोट, जबकि विपक्ष में 232 वोट पड़े थे। विधेयक पास होते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नहीं थे।
सीटें
क्या राज्यसभा में विधेयक पास कर सकेगी भाजपा?
राज्यसभा में कुल 247 सीटों में 237 सीटें प्रभावी हैं। अभी 8 सीटें खाली हैं। यहां बहुमत के लिए 119 सांसदों की जरूरत होगी। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पास 112 सांसद हैं, जिसमें भाजपा के 96, सहयोगी दलों के 16 और मनोनीत 6 और निर्दलीय 1 सदस्य का समर्थन है। इससे भाजपा बहुमत तक मुश्किल से पहुंच रही। विपक्षी INDIA गठबंधन के पास 85 सांसद हैं। इससे अलग 19 सांसदों के निर्णय पर सस्पेंस है।