
विधानसभा चुनाव: पंजाब और उत्तर प्रदेश में मतदान जारी, 1,931 उम्मीदवारों की सियासी किस्मत दांव पर
क्या है खबर?
पंजाब में नई विधानसभा के गठन के लिए सभी 117 सीटों पर मतदान जारी है। इसी तरह उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के मतदान के तहत 16 जिलों की 59 सीटों पर लोग वोट डाल रहे हैं।
इसके साथ ही पंजाब में 1,304 और उत्तर प्रदेश में 627 उम्मीदवारों की सियासी किस्मत EVM में कैद हो जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं खासकर युवा और पहली बार वोट डाल रहे लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान की अपील की है।
विधानसभा चुनाव
किस राज्य में कितने मतदाता करेंगे मतदान?
चुनाव आयोग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के मतदान में करीब 2.15 करोड़ मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
इनमें 1.16 करोड़ पुरुष, 99.6 लाख महिला और 1,096 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। इस चरण के लिए कुल 15,553 मतदान केंद्रों पर 25,741 बूथ बनाए गए हैं।
इसी तरह पंजाब में कुल 2.14 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 1.11 पुरुष और एक करोड़ महिला मतदाता है। राज्य में 14,751 मतदान केंद्रों पर 24,740 बूथ बनाए गए हैं।
विधानसभा चुनाव
किस राज्य में कितने उम्मीदवार?
पंजाब में इस बार कुल 1,304 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें से 1,209 पुरुष उम्मीदवार, 93 महिला और दो ट्रांसजेडर उम्मीदवार हैं।
साहनेवाल और पटियाला ग्रामीण विधानसभा सीटों पर सबसे अधिक 19-19 और दीनानगर में सबसे कम पांच उम्मीदवार हैं।
इसी तरह उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण में कुल 627 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। इनमें मेहरौनी और एटा विधानसभा सीट पर सबसे अधिक 15-15 प्रत्याशी मैदान में हैं।
विधानसभा चुनाव
पंजाब में इन सीटों पर रहेंगी सबकी नजरें
पंजाब में लंबी विधानसभा सीट से शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता और पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल, अमृतसर पूर्व सीट पर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, अकाली दल के नेता बिक्रम मजीठिया, चमकौर साहिब और भदौड़ सीट से मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पटियाला अर्बन सीट से पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और जलालाबाद सीट पर सुखबीर सिंह बादल चुनाव मैदान में हैं।
ऐसे में इन सीटों पर सभी लोगों की नजरें टिकी होंगी।
विधानसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश में चार मंत्री मैदान में
उत्तर प्रदेश की बात करें तो योगी सरकार के मंत्री सतीश महाना, आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री, नीलिमा कटियार और मोदी सरकार में मंत्री एसपी बघेल की किस्मत दांव पर होगी।
इसी तरह इस चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव का नाम प्रमुख है। वो मैनपुरी जिले की करहल सीट से केंद्रीय मंत्री बघेल के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय कपूर और लुईस खुर्शीद भी प्रमुख नेताओं में शामिल हैं।
जानकारी
उत्तर प्रदेश में हो चुका है दो चरण का मतदान
उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी को पहले और 14 फरवरी को दूसरे चरण का मतदान हो चुका है। रविवार को होने वाले मतदान के बाद यहां 23 फरवरी को चौथे, 27 को पांचवें, 3 मार्च को छठे और 7 को सातवें चरण का मतदान होगा।
मतगणना
न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)
बता दें कि उत्तराखंड और गोवा में 14 फरवरी को एक चरण में मतदान हो चुका है और पंजाब में रविवार को चुनाव संपन्न हो जाएंगे।
इसके बाद उत्तर प्रदेश में चार चरण का मतदान बाकी रहेगा और मणिपुर में 28 फरवरी को पहले और 5 मार्च को दूसरे चरण का मतदान होगा।
पांचों राज्यों में 10 मार्च को एकसाथ मतगणना होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। फिलहाल आयोग बचे हुए मतदान कराने में जुटा है।