उत्तर प्रदेश: 15 दिसंबर तक सीट बंटवारा चाहती है कांग्रेस, राहुल गांधी खुद शुरू करेंगे चुनावी अभियान
क्या है खबर?
2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी अपनी तैयारियों में तेजी ला रही है। पार्टी ने समाजवादी पार्टी (SP) के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए 15 दिसंबर तक की तारीख तय की है। ये भी माना जा रहा है कि पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत खुद राहुल गांधी करेंगे। वे सहारनपुर में एक बड़ी रैली कर पार्टी के औपचारिक चुनावी अभियान का बिगुल फुंक सकते हैं।
सहारनपुर
कांग्रेस ने क्यों चुना सहारनपुर?
सहारनपुर कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यकारी अध्यश्र इमरान मसूद का इलाका है।
सहारनपुर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का द्वार भी माना जाता है, जहां मुस्लिम और दलित समुदाय की अच्छी-खासी आबादी है।
यहां से अभियान शुरू करने का उद्देश्य मुस्लिम और दलित समुदाय को साधना है, जिस पर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM गठबंधन की भी नजर है। साथ ही सहारनपुर नगर और सहारनपुर देहात विधानसभा सीटों पर कांग्रेस दावेदारी भी कर रही है।
सीट
15 दिसंबर तक बातचीत पूरी करने का लक्ष्य- रिपोर्ट
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने सीट बंटवारे पर बातचीत खत्म करने के लिए 15 दिसंबर की तारीख तय की है।
हालांकि, सीटों को लेकर अभी भी मतभेद है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी 100 से ज्यादा 'जीतने लायक' सीटें मांग रही है। वहीं, SP ज्यादा सीटें देने पर सहमत नहीं है।
खबर है कि कांग्रेस आलाकमान ने अपने राज्य नेतृत्व को SP के खिलाफ गैरजरूरी बयानबाजी से बचने के निर्देश दिए हैं।
समिति
अखिलेश ने बातचीत के लिए समिति बनाने का प्रस्ताव रखा
रिपोर्ट के मुताबिक, सोनिया गांधी की किताब लॉन्च के मौके पर अखिलेश यादव, डिंपल यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच अनौपचारिक बातचीत हुई थी।
इस दौरान अखिलेश ने सीट बंटवारे पर सीधी बातचीत फिर से शुरू करने से पहले एक समन्वय समिति बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसे राहुल ने मान लिया।
इससे पहले कांग्रेस ने बातचीत आगे बढ़ाने के लिए प्रियंका गांधी की अध्यक्षता में 5 सदस्यों की एक समिति बनाई थी।
भाजपा
भाजपा ने भी कसी कमर
भाजपा ने भी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। खबर है कि गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल की तरह उत्तर प्रदेश में भी हर महीने कम से कम 7 दिन रुकने की योजना बना रहे हैं। इसके अलावा पार्टी कई वरिष्ठ मंत्रियों को भी राज्य में तैनात कर सकती है।
पार्टी ने हाल ही में मथुरा में 2 दिवसीय चिंतन शिविर भी किया था।
शाह ने संगठन महामंत्री और भाजपा अध्यक्ष के साथ भी बैठक की थी।