उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए ओवैसी और चंद्रशेखर ने गठबंधन किया, सभी 403 सीटों पर लड़ेंगे
क्या है खबर?
दलित और मुस्लिम वोटों की राजनीति करने वाले चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन का ऐलान किया है। लखनऊ के एक होटल में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और कांग्रेस-समाजवादी पार्टी के खेमे के बाहर तीसरे मोर्चे के रूप में गठबंधन नाम 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' रखा गया है।
गठबंधन
चंद्रशेखर ने समाजवादी और कांग्रेस को दिया न्यौता
चंद्रशेखर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "सामाजिक परिवर्तन मोर्चा में अभी प्रमुख रूप से 2 दल हैं- एक आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और दूसरा AIMIM। इस मंच पर हम सब आपके सामने हैं। यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं है बल्कि सामाजिक बदलाव के लिए एक मोर्चा है।"
चंद्रशेखर ने कहा कि इस मोर्चे में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को भी शामिल होना चाहिए क्योंकि भाजपा को हराने के लिए बड़े गठबंधन की जरूरत है।
ओवैसी
कितनी सीटों पर लड़ेंगे चंद्रशेखर और ओवैसी?
ओवैसी ने साफ कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के मुख्यमंत्री उम्मीदवार चंद्रशेखर हैं। उन्होंने कहा कि वे मिलकर प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
इस संबंध में 26 नवंबर को दोनों पर्टियों के बीच एक बैठक होगी, जिसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।
ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव 90 प्रतिशत मुस्लिम का वोट लेकर भी भाजपा को हरा नहीं पा रहे हैं, अब ये मोर्चा उनको रोकने में सक्षम होगा।
चुनाव
उत्तर प्रदेश का चुनाव होगा दिलचस्प
दोनों पार्टियां साथ आती हैं तो उत्तर प्रदेश का चुनाव दिलचस्प हो जाएगा क्योंकि चंद्रशेखर दलित और ओवैसी मुस्लिम वोटरों को साथ लाने की कोशिश करेंगे, जो प्रदेश में मतदाताओं का बड़ा हिस्सा है।
राज्य में मुसलमानों की हिस्सेदारी करीब 19, जबकि अनुसूचित जातियों की हिस्सेदारी करीब 21 प्रतिशत है। दोनों मिलकर 40 प्रतिशत वोट पर अपना अधिकार रखते हैं।
ओवैसी और चंद्रेशेखर मजबूत होते हैं तो समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को बड़ा नुकसान होगा और भाजपा को फायदा मिलेगा।
गठबंधन
ओवैसी ने कांग्रेस-समाजवादी पार्टी के साथ जाने की जताई थी इच्छा
यह प्रस्तावित गठबंधन तब आया है जब उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन में शामिल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अभी तक अपनी सीटों का बंटवारा नहीं किया है।
इस गठबंधन में शामिल होने के लिए ओवैसी ने कोशिश की थी। उन्होंने दोनों विपक्षी पार्टियों को 2 अक्टूबर तक उनको गठबंधन में शामिल करने को लेकर फैसला लेने को कहा था।
किसी पार्टी के दिलचस्पी न दिखाने पर चंद्रशेखर और ओवैसी करीब आए हैं।
गठबंधन
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन पर क्या कहा?
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि भारत के लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि आप किसी भी गठबंधन या विचारधारा के साथ चुनाव लड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव होने में मात्र 2 या 3 महीने बचे हैं और अब जनता इधर-उधर नहीं देखती है।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि लोकतंत्र में सबको आजादी है, जो होगा हम अपने तरीके से देखेंगे। राजनीति में इन चीजों का कोई बहुत बड़ा महत्व नहीं होता है।