LOADING...
बंगाल: केंद्रीय मंत्री ने TMC पर लगाया काफिले पर हमला करने का आरोप, ट्वीट किया वीडियो

बंगाल: केंद्रीय मंत्री ने TMC पर लगाया काफिले पर हमला करने का आरोप, ट्वीट किया वीडियो

May 06, 2021
04:21 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के गुंडों पर उनके काफिले पर हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसका एक वीडियो भी ट्विटर पर पोस्ट किया है जिसमें कुछ लोगों को डंडों और पत्थरों से उनके काफिले पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। बंगाल के दौरे पर गए मुरलीधरन ने इस हमले के कारण अपना दौरा भी छोटा कर दिया है और वह अब वापस लौट आएंगे।

मामला

हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता के घर जा रहे थे मुरलीधरन

विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन के अनुसार, उनके काफिले पर उस समय हमला हुआ जब वह विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता विश्वजीत महेश के घर जा रहे थे। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'पश्चिमी मिदनापुर में TMC गुंडों ने मेेरे काफिले पर हमला किया। खिड़कियां टूट गईं, मेरे निजी स्टाफ पर हमला किया। अपने दौरे को छोटा कर रहा हूं।' अपने दावे को साबित करने के लिए उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया है।

ट्विटर पोस्ट

देखें घटना का वीडियो

निशाना

जेपी नड्डा ने साधा बंगाल सरकार पर निशाना

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी ट्वीट कर इस हमले की निंदा की है। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'पश्चिम मिदनापुर में केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन जी के काफिले पर TMC के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया हमला बहुत ही निंदनीय है। मैंने कल ही कहा था कि बंगाल में लॉ एंड आर्डर पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। जहां भारत सरकार के मंत्री पर हमला हो जाए, वहां आम जनता की क्या स्थिति होगी?'

आरोप

बंगाल में TMC प्रायोजित हिंसा चरम पर- नड्डा

TMC पर आरोप लगाते हुए नड्डा ने कहा, 'चुनाव परिणाम आने के बाद से पूरे पश्चिम बंगाल में TMC प्रायोजित हिंसा चरम पर है। लगातार भाजपा कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले हो रहे हैं। जब हजारों लोग जान बचाने के लिए पलायन कर रहे हैं, बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं, तब फ्रीडम ऑफ स्पीच और मानवाधिकार की वकालत करने वाले गायब हैं।' भाजपा के अन्य नेताओं ने भी मुरलीधरन पर हुए हमले की निंदा की है।

हिंसा

चुनाव के नतीजों के बाद से ही बंगाल में हो रही हिंसा

बता दें कि विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद ही से बंगाल में हिंसा हो रही है और 2 मई को नतीजे साफ होने के चंद घंटे बाद ही हुगली के आरामबाग में भाजपा कार्यालय को फूंक दिया गया था। अब तक हिंसा में कम से कम 10 लोग मारे जा चुके हैं जिनमें से पांच भाजपा और पांच TMC के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। गृह मंत्रालय ने हिंसा की जांच के लिए एक टीम बंगाल भेजी है।

चुनावी नतीजे

क्या रहे बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे?

TMC ने बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत दर्ज की है और पहली बार राज्य की सत्ता में आने के भाजपा के मंसूबों को नेस्तनाबूद कर दिया है। जिन 292 सीटों पर चुनाव हुआ था, उनमें से 213 सीटों पर TMC ने जीत दर्ज की है, वहीं 200 से अधिक सीटें जीतने का दावा करती आ रही भाजपा मात्र 77 सीटों पर सिमट गई। वामपंथी पार्टियों और कांग्रेस के गठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया।