TMC में एक और बड़ी टूट की संभावना, 23 सांसद बगावत की तैयारी में- रिपोर्ट
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) पूरी तरह बिखरती नजर आ रही है। विधायकों के बाद अब सांसदों में भी बगावत के सुर तेज होने लगे हैं। खबर है कि TMC के कम से कम 23 सांसद बागी विधायकों के गुट के संपर्क में हैं। दावा किया जा रहा है कि जल्द ही TMC के सांसदों में भी भागा-दौड़ी देखने को मिल सकती है।
रिपोर्ट
अलग गुट बनाने की संभावना तलाश रहे असंतुष्ट विधायक- रिपोर्ट
इंडिया टुडे की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि TMC के कई सांसद पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी से नाखुश बताए जा रहे हैं। ये आंतरिक असंतोष कथित तौर पर एक अलग गुट बनाने के प्रयासों की वजह बन रहा है। सूत्रों के अनुसार, सांसदों का एक वर्ग सक्रिय रूप से एक अलग समूह बनाने की संभावना तलाश रहा है और एक दर्जन से अधिक सांसद पहले ही इस कदम के पक्ष में हैं।
दलबदल
क्या लागू होगा दलबदल कानून?
TMC के लोकसभा में 29 सांसद हैं। दलबदल कानून से बचने के लिए दो तिहाई सांसदों को पाला बदलना होगा। यानी अगर 19 सांसद एक साथ बगावत करते हैं, तो दलबदल कानून नहीं लगेगा। इसी तरह राज्यसभा में TMC के 13 सांसद हैं। यहां दलबदल कानून से बचने के लिए 9 सांसदों का साथ जरूरी है। सूत्रों ने दावा किया कि एक वरिष्ठ सांसद इस कथित असंतुष्ट समूह का नेतृत्व कर रहे हैं।
बयान
बागी विधायक बोले- धैर्य रखिए, बहुत कुछ हो सकता है
TMC के बागी विधायकों के नेता ऋतब्रत बनर्जी के एक बयान ने आशंकाओं को और बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि थोड़ा धैर्य रखिए, बहुत कुछ हो सकता है। ऋतब्रत से TMC के 20 सांसदों के भाजपा में शामिल होने की अटकलों को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा, "पिछले 7 दिन से मेरी किसी भी सांसद से कोई बात नहीं हुई है। इसलिए नहीं कह सकता कि क्या कदम उठाएंगे।"
बैठक
ममता ने आवास पर बुलाई बड़ी बैठक
वहीं, ममता बनर्जी ने आज शाम 4 बजे कोलकाता के कालीघाट स्थित अपने आवास पर बड़ी बैठक बुलाई है। इसमें TMC के लगभग सभी बड़े नेताओं को बुलाया गया है। कुछ रिपोर्ट में दावा किया गया है कि खुद ममता ने कई बागी विधायकों को फोन कर बैठक में आने को कहा है। इससे पहले ममता ने अपने आवास पर बैठक बुलाई थी, जिसमें 80 में से केवल 20 ही विधायक पहुंचे थे।