भारत बनाम जिम्बाब्वे: टी-20 सीरीज के लिए दोनों टीमें, शेड्यूल और सभी अहम जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के बीच 3 मैचों की टी-20 सीरीज 23 जुलाई से शुरू होगी। भारतीय टीम को अपनी पिछली 2 टी-20 सीरीज में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम जीत की राह पर लौटने के इरादे से उतरेगी। जिम्बाब्वे की कमान सिकंदर रजा संभालते हुए नजर आ सकते हैं। इस टी-20 सीरीज का कार्यक्रम और इससे जुड़ी अहम जानकारियां जान लेते हैं।
भारतीय टीम
ऐसी है भारतीय टीम
जिम्बाब्वे दौरे पर युवा भारतीय टीम को मौका मिला है। ऐसे में ये खिलाड़ी खुद को साबित करना चाहेंगे।
वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में कुछ खास नहीं कर पाए थे। ऐसे में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीदें होंगी।
ऐसी है भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।
जिम्बाब्वे
ऐसी हो सकती है जिम्बाब्वे की टीम
जिम्बाब्वे ने अपने दल का ऐलान नहीं किया है। माना जा रहा है कि जो टीम बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 सीरीज खेली, उन्हीं खिलाड़ियों को भारत के खिलाफ सीरीज में मौका मिल सकता है।
ऐसी हो सकती है जिम्बाब्वे की टीम: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, बेन करन, ब्रैड इवांस, क्लाइव मडांडे (विकेटकीपर), टिनोटेंडा मापोसा, तादिवानाशे मरुमानी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, तशिंगा मुसेकीवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डियोन मायर्स, रिचर्ड नगारावा, न्यूमैन न्यामहुरी और मिल्टन शुम्बा।
हेड-टू-हेड
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का पलड़ा रहा है भारी
भारत और जिम्बाब्वे के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2010 में खेला गया था।
अब तक दोनों टीमों के बीच 14 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 11 मैच में जीत मिली है। 3 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
जिम्बाब्वे की धरती पर दोनों के बीच अब तक 12 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान भारतीय टीम को 9 मैच में जीत मिली है। 3 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
प्रदर्शन
इन सक्रिय भारतीय खिलाड़ियों का रहा है अच्छा प्रदर्शन
सक्रिय खिलाड़ियों में अभिषेक के आंकड़े जिम्बाब्वे के खिलाफ कमाल के हैं।
उन्होंने 6 मैच की 5 पारियों में 177.22 की स्ट्राइक रेट से 179 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला है।
शुभमन गिल के 5 पारियों में 179 रन हैं। सक्रिय गेंदबाजों में अक्षर ने 7 पारियों में 21.75 की औसत से 8 विकेट अपने नाम किए हैं।
मुकेश कुमार ने भी 3 मैचों में 8 विकेट लिए हैं।
मुकाबले
कब और कहां देखें मुकाबला?
सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई, दूसरा मैच 25 जुलाई और तीसरा व आखिरी मुकाबला 26 जुलाई को खेला जाएगा।
सभी मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित होंगे।
भारतीय समयानुसार सभी मुकाबले शाम 4:30 बजे से शुरू होंगे। इस टी-20 सीरीज का सीधा प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड ऐप पर उपलब्ध रहेगी।
भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर टीम के साथ नहीं होंगे। उनकी गैरमौजूदगी में वीवीएस लक्ष्मण टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी संभालते नजर आएंगे।