Loading...
पेटीएम ने फिर शुरू की वॉलेट सेवा की तैयारी, RBI से लाइसेंस के लिए किया आवेदन
पेटीएम ने फिर शुरू की वॉलेट सेवा की तैयारी

पेटीएम ने फिर शुरू की वॉलेट सेवा की तैयारी, RBI से लाइसेंस के लिए किया आवेदन

Jul 21, 2026
11:01 am

क्या है खबर?

पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस ने अपनी पेटीएम पेमेंट्स सर्विसेज लिमिटेड कंपनी के जरिए प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (PPI) लाइसेंस के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) से आवेदन किया है। यह कदम पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर कार्रवाई के बाद वॉलेट सेवा दोबारा शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कंपनी का कहना है कि इससे ग्राहकों को भुगतान के अधिक विकल्प मिल सकेंगे, साथ ही डिजिटल भुगतान का अनुभव भी पहले से अधिक सुविधाजनक होगा।

मंजूरी

मंजूरी मिलने पर क्या होगा फायदा?

अगर RBI से PPI लाइसेंस मिल जाता है, तो पेटीएम अपनी सहयोगी कंपनी के जरिए सीधे डिजिटल वॉलेट सेवा दे सकेगा।

इसके बाद ग्राहकों को UPI भुगतान, ऑनलाइन और ऑफलाइन खरीदारी, बिल भुगतान तथा पैसे भेजने जैसी सुविधाएं मिलेंगी। अभी कंपनी को कुछ सेवाओं के लिए साझेदार बैंकों पर निर्भर रहना पड़ता है।

नया लाइसेंस मिलने से यह निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी, और ग्राहकों को एक ही मंच पर अधिक सेवाएं आसानी से मिलेंगी।

कारोबार

पहले था कारोबार का अहम हिस्सा

पेटीएम का वॉलेट कारोबार कभी उसके सबसे बड़े उपभोक्ता भुगतान कारोबार का महत्वपूर्ण हिस्सा था।

इसी के जरिए कंपनी ने लाखों ग्राहक जोड़े और बाद में मर्चेंट पेमेंट, वित्तीय सेवाओं, टिकट बुकिंग तथा अन्य कारोबार में विस्तार किया।

हालांकि, पेटीएम पेमेंट्स बैंक पर नियामकीय कार्रवाई के बाद कंपनी की कई भुगतान सेवाएं प्रभावित हुईं, जिसके बाद उसे अपना पूरा भुगतान ढांचा दोबारा तैयार करना पड़ा, ताकि ग्राहकों को पहले जैसी सुविधाएं फिर से उपलब्ध कराई जा सकें।

ADVERTISEMENT

कमाई

कमाई में भी दर्ज हुई मजबूत बढ़त

कंपनी ने जून तिमाही के नतीजों में बताया कि उसका शुद्ध लाभ पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 79 प्रतिशत बढ़कर 220 करोड़ रुपये पहुंच गया।

वहीं, परिचालन से होने वाला राजस्व 28 प्रतिशत बढ़कर 2,448 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का कहना है कि भुगतान सेवाओं और वित्तीय कारोबार में लगातार सुधार हो रहा है।

ऐसे में वॉलेट सेवा लौटने से उसके कारोबार को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

ADVERTISEMENT