Page Loader
AIADMK महासचिव पलानीस्वामी का बयान, कहा- भाजपा के साथ चुनाव लड़ेंगे, लेकिन गठबंधन सरकार नहीं बनाएंगे
तमिलनाडु में AIADMK और भाजपा के बीच गठबंधन को झटका (तस्वीर: एक्स/@EPSTamilNadu)

AIADMK महासचिव पलानीस्वामी का बयान, कहा- भाजपा के साथ चुनाव लड़ेंगे, लेकिन गठबंधन सरकार नहीं बनाएंगे

लेखन गजेंद्र
Apr 16, 2025
06:36 pm

क्या है खबर?

तमिलनाडु में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) और भाजपा का गठबंधन होने के बाद भी सब कुछ ठीक नहीं है। AIADMK के महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी (EPS) ने यह कहकर भाजपा को झटका दिया है कि तमिल पार्टी गठबंधन सरकार को स्वीकार नहीं करेगी और भाजपा के साथ गठबंधन केवल चुनाव के लिए है। उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन चुनाव जीतता है तो राज्य में कोई गठबंधन सरकार नहीं बनेगी।

झटका

आखिर EPS ने क्यों दिया यह बयान?

शुक्रवार 11 अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तमिलनाडु में थे। तभी उन्होंने शाम को EPS और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में AIADMK-भाजपा गठबंधन की घोषणा की थी। बताया जा रहा है कि इस गठबंधन से AIADMK के अधिकतर नेता खुश नहीं हैं, जिसकी वजह खराब ट्रैक रिकॉर्ड है। इसके अलावा वक्फ विधेयक को लेकर भी तमिलनाडु में काफी गुस्सा दिख रहा है। ऐसे में AIADMK अल्पसंख्यक वोटों का नुकसान नहीं चाहती है।

गठबंधन

AIADMK से गठबंधन के लिए अन्नामलाई को हटाया गया?

शाह ने जिस दिन दोनों पार्टियों के गठबंधन की घोषणा की, उसी दिन अन्नामलाई की जगह प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालने के लिए नैनार नागेंद्रन को खड़ा किया गया। चर्चा है कि AIADMK से गठबंधन के लिए ही अन्नामलाई को पद से हटाया गया और उनको राष्ट्रीय राजनीति में भेजा जा रहा है। अन्नामलाई इस गठबंधन के खिलाफ थे। शाह ने 2026 का विधानसभा चुनाव EPS के नेतृत्व में लड़ने की बात कही थी, लेकिन अब भाजपा सकते में हैं।